Katni : पुलिस ने कसा जुआरियों व सटोरियों पर शिकंजा

कटनी। पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार के निर्देश पर सोमवार से पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिले भर में पुलिस के द्धारा जुआ, सट्टा व अवैध शराब के विरुद्ध अभियान छेड़ते ही इन अवैध कार्यो में लगे असमाजिक तत्वों में हडकंप की स्थिति निर्मित हो गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री शाक्यवार के निर्देशानुसार शहरी थाना क्षेत्रों में कार्यवाई की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा व नगर पुलिस अधीक्षक एम.पी.प्रजापति ने जबकि ग्रमीण थाना क्षेत्र में क्रमशः एसडीओपी विजयराघवग हरिओम शर्मा, स्लीमनाबाद एसडीओपी पी.के.सारस्वत को सौंपी गई है। सभी जिम्मेदार पुलिस के आला अधिकारी थाना प्रभारी व उनके हमराह स्टाफ के साथ थाना क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करेंगे।
बहरहाल पुलिस अधीक्षक से निर्देश मिलते ही शहर भर में पुलिस एक्टिव मोड पर नजर आई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा व नगर पुलिस अधीक्षक एम.पी.प्रजापति के मार्ग दर्शन में कोतवाली प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा, माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे, कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह व एनकेजे थाना प्रभारी अंकित मिश्रा के द्वारा थाना क्षेत्र में जुआ, सट्टा व अवैध शराब विक्रय के लिए बदनाम अड्डो पर छापेमारी की गई। अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने विशेष टीम के उपनिरिक्षक बुंदेलधर द्विवेदी, रोहित डोंगरे सहित कई प्रधान आरक्षको व आरक्षको को भी लगाया गया है ।
सूत्रों का कहना है कि कुछ दिनों पहले जिन सट्टा के अड्डों पर पुलिस ने दबिश दी थी, वहां कारोबार फिर से आबाद होने लगा था। इसकी सूचनाएं एसपी तक भी पहुंची रही थीं। पुलिस ने एएसपी, सीएसपी के मोबाइल नंबर जारी कर लोगों से जुआ सट्टा, शराब की अवैध बिक्री सूचना देने की अपील की है। इनके नंबर सोशल मीडिया में भी जारी किए गए। सूचना देने वाले को नाम गोपनीय रखने की बात कही गई है

कुठला में दो जगह कार्रवाई
जुआ, सट्टा व अवैध शराब के विरूद्ध पुलिस कार्रवाई की भनक शहर के सटोरियों को पहले ही लग गई। जिसके कारण शहर में जगह-जगह सट्टा पट्टी काटने वाले सटोरिए भूमिगत हो गए लेकिन पुलिस के इस अभियान को कुठला थाना अंतर्गत कृषि उपज मंडी व बस स्टेण्ड क्षेत्र में पहले दिन सफलता मिल गई। यहां पुलिस ने कुछ सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नगद रकम व सट्टा पट्टी बरामद की है।

होगी जिलाबदर की कार्रवाई-एएसपी
उधर अभियान को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा का कहना है कि पुलिस की हिदायत के बावजूद अवैध गतिविधियों में लगे लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं तथा पुलिस की आंखों में धूल झोककर शहर से लेकर गांव-गांव तक अवैध गतिविधियां संचालित किए जा रहे हैं। इसलिए ऐसे लोगों की सूची बनाकर उनके विरूद्ध अब जिलाबदर की कार्रवाई भी की जाएगी।

Exit mobile version