Wednesday, May 13, 2026
Latest:
katniLatestमध्यप्रदेश

Katni पारधियों के डेरे पर ग्रामीणों का हमला, झोपड़ियों को किया आग के हवाले, दुर्घटना में गांव के युवक की मौत के बाद भड़के थे ग्रामीण

Katni, (विवेक शुक्ला)। बरही थाना अंतर्गत कटनी-बरही मार्ग पर ग्राम पिपरियाकला में गतदिवस एक पारधी युवक की मोटर सायकल की टक्कर लगने से हुई गांव के एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है।

दुर्घटना वाले दिन आक्रोशित ग्रामीणों ने बरही-कटनी मार्ग पर चकाजाम कर गांव में आकर बसे पारधियों को हटाने की मांग की थी। अधिकारियों ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाइश देकर उस समय मामला शांत करा दिया था लेकिन शनिवार की देर शाम एक बार फिर ग्रामीणों का आक्रोश भडक़ गया और गुस्साई भीड़ ने पारधियों के डेरे पर धावा बोल दिया। भीड़ ने आवेश में आकर पारधियों के डेरे में आग लगा दी और वहां मौजूद शराब भट्टियों को तहस-नहस कर डाला।

इस संबंध में जानकारी देते हुए बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि ग्रामीणों ने शराब के ठिकानों व टपरियों में धावा बोलकर आगजनी कर दी है। कुछ घरों में आग लग गई है जो झोपड़ी थी वह जल गई हैं। लगभग एक दर्जन से अधिक झोपड़ी और सामग्री जलकर खाक हो गई है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां से 90 डिब्बा अवैध महुआ लाहन भी मिला है।

पारधी लाहन सड़ा कर शराब बनाने का काम करते थे। वह शराब की तस्करी में भी संलग्न थे। उनकी झोपडिय़ों में ग्रामीणों ने आग लगाई है। पुलिस ने 65 वर्षीय सरियाना बाई पारधी की शिकायत पर आधा सैकड़ा अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ धारा 147, 335, 436, 227 के तहत मामला दर्ज किया है।

आपको बता दें कि ग्राम पिपरियाकला निवासी 38 वर्षीय शिवमंगल चक्रवर्ती शुक्रवार की सुबह बाइक से कही जा रहा था। उसीदौरान नीलू पारधी नामक युवक ने बाइक से टक्कर मार दी थी। गंभीर चोट लगने से शिवमंगल की घटनास्थल पर मौत हो गई थी। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीण व परिजन आक्रोशित हो उठे थे। आक्रोशित भीड़ ने कटनी-बरही मार्ग के बगैहा मोड पर चकाजाम कर दिया था। चकाजाम के कारण 2 घंटे तक मार्ग बाधित रहा। इसी घटना के बाद ग्रामीणों ने परर्धियों के ठिकाने पर हमला बोल दिया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम