Katni: नाबालिग बालकों ने रची अपहरण की झूठी कहानी 30 लाख रूपए फिरौती भी मांगी, पांच घंटे परेशान रही NKJ पुलिस

कटनी। एनकेजे थाना अंतर्गत नाबालिग बालकों के द्धारा आपस में मिलकर एक बालक के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ परिजनों से 30 लाख रूपए फिरौती मांगने का मामला प्रकाश में आया है।
पहले तो थाना क्षेत्र से एक बालक के अपहरण व फिरौती में 30 लाख रूपए मांगने की जानकारी लगते ही पुलिस के भी हाथ पैर फूल गए लेकिन जब पुलिस मामले की विवेचना करते हुए अपहरणकर्ताओं तक पहुंची तो नाबालिग बालकों ने सब कुछ सच-सच बता दिया।
जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। इस संबंध में एनकेजे थाना प्रभारी बुंदेलधर द्विवेदी ने बताया कि कलशाम को थाना क्षेत्र से एक बालक के अपहरण की सूचना पुलिस को मिली। सूचना देने वाले परिजनों ने यह भी बताया कि अपहरण कर्ता ने उनके जिगर को छोडऩे के एवज में 30 लाख रूपए फिरौती की भी मांग की है।
लिहाजा पुलिस ने परिजनों से लगातार अपहरणकर्ताओं के सम्पर्क में बने रहने की बात कही और खुद सायबर सेल की मदद से अपहरणकत्ताओं के मोबाइल की लोकेशन का पता लगाने लगी।
मामले में पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के दिशा निर्देश व नगर पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस की अलग-अलग टीमें मोबाइल की लोकेशन के आधार पर अपहरणकत्ताओं के ठिकाने पर पहुंची तो उसके कान खड़े हो गए।
दरअसल चार-पांच नाबालिग बालकों ने मिलकर अपने एक साथी के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी और उस पर अमल करते हुए परिजनों से 30 लाख रूपए फिरौती की मांग करने लगे। 30 लाख रूपए से शुरू हुआ सौदा अंत मेंं 5 लाख रूपए तक पहुंच गया लेकिन इसी बीच पुलिस वहां पहुंच गई और नाबालिग बालकों की झूठी कहानी का पर्दाफाश हो गया। जिसके बाद पुलिस सहित जिस बालक के अपहरण की कहानी गढ़ी गई थी। उसके परिजनों ने राहत की सांस ली।








