Site icon Yashbharat.com

Katni : ढीमरखेड़ा में चाकू व बड़वारा में चली गोली

6a00e54ee06170883401bb087cfc05970d

कटनी। ढीमरखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम नेगई में मामूली विवाद को लेकर चाकू तो बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम बसाड़ी में प्रापर्टी के विवाद पर गोली चलने की घटनाएं प्रकाश में आई हैं। पुलिस ने दोनों ही घटनाओं में आरोपियों के विरूद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही बसाड़ी में गोली चलाने वाले तीनों आरोपियों को बड़वारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि ढीमरखेड़ा में चाकू चलाने वाले युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ढीमरखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम नेगई निवासी 22 वर्षीय अमन पिता राकेश कुमार राय का प्रभूदयाल साहू नामक युवक से किसी बात का लेकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद बढ़ा तो प्रभूदयाल ने अमन पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में घायल अमन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी प्रभूदयाल के विरूद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। इसी प्रकार बड़वारा थाना अंतर्गत बसाड़ी निवासी पप्पू गुप्ता को सतना निवासी जितेन्द्र त्रिपाठी, अमित वर्मा व संतोष रैकवार युवकों ने सतना में एक प्रापर्टी बताई थी। जिसे पप्पू खरीदना चाहता था। आरोपियों द्वारा कहा गया कि प्रापर्टी मालिक जबलपुर में रहता है और वहीं जाकर बात करना पड़ेगी। आरोपियों ने पप्पू गुप्ता से बुधवार को जबलपुर चलने कहा था। आरोपियों की मंशा भांपकर पप्पू ने रात के समय जबलपुर जाने से इंकार दिया था और वह घर से कहीं चला गया। बुधवार की रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे आरोपियों ने बसाड़ी पहुंचकर पप्पू गुप्ता के बारे में पूछताछ की। जिस पर उसके छोटे भाई आशीष गुप्ता ने बताया कि वह घर पर नहीं हैं। इसी बात को लेकर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज की जाने लगी एवं 12 बोर की बंदूक से फायर कर दिया। जिससे आशीष गुप्ता बाल-बाल बच गया। बड़वारा थाना प्रभारी हरवचन सिंह ने बताया कि मामले में आशीष गुप्ता की शिकायत पर सतना निवासी तीनों युवकों क्रमशः जितेन्द्र त्रिपाठी, अमित वर्मा, संतोष रैकवार के विरूद्ध हत्या के प्रयास का मामला धारा 307 के तहत दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

Exit mobile version