कटनी। पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर की जमीन पर अवैध कब्जा जमाए ठेकेदार गुल्लू खंपरिया के डामर प्लांट पर आज नगर निगम प्रशासन ने कार्रवाई की। सुबह 11 बजे कार्रवाई शुरू की गई और थोड़ी ही देर में जेसीबी से अवैध कब्जे को ढहाते हुए 40 हजार वर्गफुट जमीन खाली करा ली गई। बताया जाता है कि नगर निगम प्रशासन द्वारा ठेकेदार गुल्लू खंपरिया से पिछले 9 सालों का किराया 9 लाख रूपए भी वसूल किया जाएगा।
गौरतलब है कि ठेकेदार गुल्लू खंपरिया को डामर प्लांट हटाने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी गई थी लेकिन इसके बाद भी उसके द्वारा अवैध कब्जे को नहीं हटाया गया था, जिस पर नगर निगम आयुक्त आर पी सिंह के निर्देश पर कार्यपालन यंत्री राकेश शर्मा ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। पुरैनी में ट्रांसपोर्ट नगर का रास्ता साफ होने के बाद नगर निगम द्वारा यहां पिछले 9 सालों से अवैध रूप से संचालित हो रहे डामर प्लांट को हटाने की रणनीति तैयार की गई थी।
बुधवार को अधिकारी यहां पहुंचे थे और ठेकेदार राजेश केला के अवैध कब्जे को जेसीबी से हटा दिया गया था लेकिन ठेकदार गुल्लू खंपरिया को अतिक्रमण हटाने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी गई थी।
जिससे नगर निगम की इस कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लग गया था। बताया जाता है कि आयुक्त के निर्देश पर गुल्लू खंपरिया को यह मोहलत दी गई थी। 24 घंटे की मोहलत समाप्त होने के बाद भी डामर प्लांट को नहीं हटाया गया, जिस पर निगम प्रशासन ने शनिवार को ठेकेदार को अंतिम नोटिस जारी किया था और सोमवार के पहले कब्जा हटाने के लिए कहा था। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद आज नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राकेश शर्मा, असिस्टेंट इंजीनियर सुनील सिंह, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव व टाइमकीपर रामसेवक बर्मन की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध कब्जे को हटा दिया गया।

