katniLatest

KATNI जिला अस्पताल से भागा साले व ससुर की हत्या का आरोपी

कटनी। झिंझरी स्थित जेल में तबियत बिगडऩे के बाद जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया हत्या व हत्या के प्रयास का आरोपी देररात पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

पुलिस ने कैदी के विरूद्ध मामला दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध कोतवाली प्रभारी अजय बहादुर सिंह व विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने जानकारी देते हुए बताया कि सागर निवासी 30-32 वर्षीय देवी पिता शंकर सिंह विजयराघवगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम पडख़ुरी में सन 2016 में हुए तिहरे हत्याकांड का आरोपी था। देवी सिंह ने अपने सास, ससुर व दो सालों पर जानलेवा हमला किया था। जिसमें ससुर व दो सालों की मौत हो गई थी जबकि सास गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

देवी सिंह तभी से झिंझरी जेल में बंद था। जेलर लीना कोष्टा के मुताबिक देवी सिंह की तबियत खराब होने के कारण उसकों कल गुरूवार की सुबह जिला अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया गया था। इसीदौरान देररात देवी सिंह सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। देवी सिंह के फरार होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई है। पुलिस ने देवी सिंह के विरूद्ध धारा 224 के तहत मामला दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। देवी सिंह की तलाश में एक पुलिस टीम को सागर भी रवाना किया गया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम