कटनी। माधवनगर स्थित पीडब्ल्यूडी कालोनी के पास नजूल की जमीन में अवैध रूप से बने मकानों पर आज प्रशासन का बुल्डोजर चला। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के लिए आवंटित इस जमीन पर सालों से मकान बनाकर रह रहे लोग पल भर में ही सड़क पर आ गए। इस दौरान करीब एक दर्जन मकानों को नेस्तानाबूद किया गया। अतिक्रमण हटने के बाद लोगों में प्रशासन की इस कार्यवाही के प्रति आक्रोश भी देखा गया। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए समय नहीं दिया। ठंड के इस मौसम में उन्हें बेघर कर दिया गया है। अब वह कहां जाकर रहेंगे। अतिक्रमण हटाने की यह कार्यवाही तहसीलदार मुनव्वर खान के नेतृत्व में अंजाम दी गई। गौरतलब है कि ग्राम पड़रवारा के अंतर्गत आने वाली यह जमीन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के लिए आवंटित की गई है। जिस पर पिछले कुछ वर्षों में अवैध कब्जा हो गया। लोगों ने पक्के मकान बना लिए और बकायदा रहने लगे। खास बात यह है कि नगर निगम प्रशासन ने नजूल की जमीन पर लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी दिया। लोगों ने इस योजना के तहत मिली राशि से पक्के आवास बनाए। सवाल यह उठता है कि नगर निगम ने आखिर नजूल की जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ कैसे दे दिया। इस पूरे मामले में नगर निगम प्रशासन की भूमिका पर भी प्रश्नचिन्ह लग गया है।