कर्नाटक: बीजेपी विधायक की बेटी ने महिला सब-इंस्पेक्टर को मारा थप्पड़, CCTV फुटेज आया सामने; FIR दर्ज
श्रीरंगपटना/मांड्या:कर्नाटक के मांड्या जिले के श्रीरंगपटना स्थित एक मंदिर में तुमकुरु ग्रामीण से भाजपा (BJP) विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या और ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) सविता बी. पाटिल के बीच तीखी झड़प का मामला सामने आया है। मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश को लेकर हुए इस विवाद में विधायक की बेटी द्वारा महिला अधिकारी को थप्पड़ मारने का वीडियो CCTV में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
-
गर्भगृह में प्रवेश पर विवाद: यह घटना 12 अगस्त को भीमा अमावस्या उत्सव के दौरान की है। आरोप है कि ऐश्वर्या बिना लाइन में लगे गर्भगृह में जाना चाहती थीं। जब भीड़ नियंत्रण में लगी PSI सविता ने उन्हें रोका और कुछ मिनट इंतजार करने को कहा, तो विवाद शुरू हो गया।
-
बहस, थप्पड़ और करियर बर्बाद करने की धमकी: खुद को विधायक की बेटी बताने के बाद ऐश्वर्या भड़क गईं। CCTV में दिखा कि बहस के दौरान ऐश्वर्या ने महिला अधिकारी को थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने के बाद PSI सविता ने भी जवाबी थप्पड़ जड़ा। आरोप है कि ऐश्वर्या ने अधिकारी को गाली दी और उनका करियर बर्बाद करने की धमकी भी दी।
पुलिस कार्रवाई और क्रास एफआईआर
-
ऐश्वर्या के खिलाफ BNS की धाराओं में केस: महिला सब-इंस्पेक्टर की शिकायत पर क्याथनहल्ली पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। ऐश्वर्या के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 (लोक सेवक पर हमला), 115(2), 352 और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज हुआ है।
-
जवाबी शिकायत: ऐश्वर्या ने भी पुलिस अधिकारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए जवाबी शिकायत दर्ज कराई है, जिसकी जांच जारी है।
बीजेपी विधायक ने मांगी माफी
घटना का फुटेज सामने आने के बाद विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने अपनी बेटी के आचरण पर माफी मांगी है:
-
उन्होंने कहा कि अगर उनकी बेटी से गलती हुई है, तो कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
-
विधायक ने माना कि राजनीतिक परिवार से होने के नाते उनकी बेटी को संयम बरतना चाहिए था।
-
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मंदिरों में वीआईपी (VIP) कल्चर खत्म होना चाहिए और सभी श्रद्धालुओं के लिए एक ही कतार प्रणाली लागू होनी चाहिए। कर्नाटक: बीजेपी विधायक की बेटी ने महिला सब-इंस्पेक्टर को मारा थप्पड़, CCTV फुटेज आया सामने; FIR दर्ज
