Site icon Yashbharat.com

KAMALNATH की पीसी में शामिल पत्रकार संक्रमित, 3 दिन पहले लंदन से आई बेटी भी कोरोना पॉजिटिव

kamalnath 1466022821

भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल में एक पत्रकार को कोरोना संक्रमित बताया जा रहा है। भोपाल में संक्रमित पाए गए पत्रकार 20 मार्च को सीएम हाउस में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे। इसमें कमलनाथ ने इस्तीफे का ऐलान किया था। इस दौरान यहां दिग्विजय सिंह, कांग्रेस विधायक और प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों समेत करीब 200 पत्रकार मौजूद थे। बताया जा रहा है कि रविवार को प्रोफेसर कॉलोनी निवासी पत्रकार की बेटी को कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है।

17 मार्च को लंदन से लौटी थी पत्रकार की बेटी

पत्रकार की 26 वर्षीय बेटी 17 मार्च को लंदन से दिल्ली पहुंची थी। आईजीआई एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के बाद डॉक्टर्स ने उसे फिट घोषित किया। इससे बाद वह शताब्दी एक्सप्रेस में सवार होकर भोपाल आई। फिर परिजन ने कलेक्टर तरुण पिथौड़े से संपर्क कर उसकी कोरोना जांच की मांग की। इस पर जेपी अस्पताल के डॉक्टर्स की टीम ने घर पहुंचकर लड़की के थ्रोट के स्वैब का नमूना लिया, इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

कमलनाथ आइसोलेशन में नहीं

इसके बाद खबर आई कि कमलनाथ ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। हालांकि, उनके मीडिया कॉर्डिनेटर नरेंद्र सलूजा ने कमलनाथ के आइसोलेशन की खबरों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कोरोना से बचाव को लेकर पूरी सावधानी बरत रहे हैं। सुरक्षा के नियमों का पालन कर रहे हैं। प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित भी है। वे अपने ऑफिस में काम कर रहे हैं।

सभी को भेजा जा सकता है क्वारंटाइन में

बताया जा रहा है कि इस मामले में फैसला लिया गया है कि संपर्क में आए सभी पत्रकारों को क्वारंटाइन में जाना होगा। इसके अलावा प्रशासन की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद नेताओं की भी लिस्ट बनाई जा रही है, जो प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे। ऐसे में सवाल उठता है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद कमलनाथ मौजूद थे। क्या उन्हें भी क्वारंटाइन किया जाएगा। बता दें कि कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से पहले भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भोपाल के अलावा दिल्ली के भी कुछ पत्रकार मौजूद थे। फिलहाल, उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद सभी पत्रकारों को क्वारंटाइन भेजा सकता सकता है।

Exit mobile version