Job’s UP Police Vacancy: 62,424 पदों पर होनी हैं भर्तियां, कुशल खिलाड़ी श्रेणी में आरक्षी के नागरिक पुलिस के 521 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चालू

Job’s UP Police Vacancy: 62,424 पदों पर होनी हैं भर्तियां, कुशल खिलाड़ी श्रेणी में आरक्षी के नागरिक पुलिस के 521 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चालू यूपी पुलिस में बीते छह वर्षों में उपनिरीक्षक समेत अन्य पदों पर रिकार्ड 1,54,211 पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है।
डीजी पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड रेणुका मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में अलग-अलग 62,424 पदों पर पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रचलित है। अब तक 90 प्रतिशत रिक्तियों की पूर्ति की गई है।
वर्तमान में लिपिक संवर्ग में जो 1,148 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, उनमें तीन प्रतिशत बीटेक व बीसीए पास हैं। सभी अभ्यर्थी कंप्यूटर में दक्ष हैं।
वहीं वर्ष 2017 से जून 2023 तक छह वर्षों में तीन गुणा अधिक 1,54,211 अभ्यर्थियों की भर्तियां की गई हैं। इनमें बीते एक वर्ष में 10,966 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
इन भर्तियों में 9,534 पदों पर अब तक की सबसे बड़ी दारोगा भर्ती भी शामिल है। छह वर्षों में हुई कुल भर्तियों में उपनिरीक्षक, आरक्षी, लिपिक संवर्ग, कंप्यूटर आपरेटर व जेल वार्डर के पदों पर 22,287 महिला अभ्यर्थियों की भर्ती हुई है।
वहीं उपनिरीक्षक, आरक्षी, लिपिक संवर्ग व वायरलेस में 2492 पदों पर मृतक आश्रितों की भर्ती की गई है।
डीजी ने बताया कि वर्ष 2017 से 2023 के मध्य विभिन्न पदों पर 1,29,011 पुलिसकर्मियों को प्रोन्नति भी प्रदान की गई है। जबकि वर्ष 2009 से 2017 के मध्य 47,211 पुलिसकर्मियों को प्रदोन्नति प्रदान की गई थी।
भर्ती बोर्ड को और अत्याधुनिक संसाधनों से लैस किया जा रहा है। वर्तमान में उपनिरीक्षक के 2,469 पदों, आरक्षी के 52,699 पदों, रेडियो संवर्ग के 2,430 पदों, लिपिक संवर्ग के 545 पदों, कंप्यूटर आपरेटर के 927 पदों, जेल वार्डर के 2,833 पदों तथा कुशल खिलाड़ी श्रेणी में आरक्षी के नागरिक पुलिस के 521 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है।








