J&K: जम्मू और कश्मीर में सेना ने अपने वाहनों पर लगे लाल झंडों को सफेद व नीले झंडों से बदल दिया है।
संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क बाधाओं, सुरक्षा जांच और अभ्यास के दौरान लोगों के बीच अलगाव की भावना को कम करने के लिए ऐसा किया गया है। सेना के अधिकारी ने रविवार को बताया।
सेना के अधिकारी ने बताया,‘आजकल कश्मीर में सेना के वाहन सफेद और नीले झंडे के साथ आगे बढ़ रहे हैं। पहले सेना के वाहनों में लाल झंडे होते थे और यहां तक कि रोड ओपनिंग पार्टियों में सैनिकों ने भी लाल झंडे गाड़ दिए थे।’ उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क बाधाओं को भी एक नया रूप दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘ये कदम सुरक्षा जांच और अभ्यास में नागरिकों के बीच अलगाव की भावना को दूर करने के लिए उठाए गए हैं।’
अधिकारी ने कहा कि इस तथ्य को समझने की आवश्यकता है कि सुरक्षा बलों और आम आदमी पर आतंकवादियों द्वारा हमलों के मौजूदा खतरे के कारण सुरक्षा जांच की आवश्यकता है। उन्होंने कहा,‘जब तक आतंकी खतरे कम नहीं हो जाते तब तक ये जांच जरूरी होगी। आतंकवाद से मुकाबला करने का यह प्रयास एक संयुक्त नागरिक-सैनिक प्रयास है।’

