रांची। Jharkhand Assembly Election 2019 – आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के बाद कुछ अन्य राज्यों में भी सफलता का स्वाद चख रहे एआइएमआएम की नजर अब हिंदी पट्टी के राज्यों पर है। बिहार के हालिया विधानसभा उपचुनाव में सीमांचल की एक सीट हासिल करने वाले एआइएमआइएम के सदर असद्दुदीन ओवैसी की महत्वाकांक्षा बढ़ी है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने झारखंड विधानसभा चुनाव के ऐन पहले राज्य का दौरा कर संभावनाओं पर गौर किया और 14 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए।
आरंभ में ओवैसी को नजरंदाज करने की कोशिश की गई, लेकिन एक के बाद एक चार चरणों का मतदान संपन्न होने के बाद राजनीतिक गलियारे में अब यह महसूस किया जाने लगा है कि वे कई सीटों का समीकरण बिगाड़ सकते हैैं। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर कहते हैैं कि सीधी लड़ाई भाजपा और विपक्षी गठबंधन के बीच है। अल्पसंख्यकों का भरोसा विपक्षी गठबंधन पर है, ऐसे में एआइएमआइएम महज वोटकटवा बनकर रह जाएगी।

