अलोनी नदी तट पर जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन, दीपमाला और गंगा आरती से दिया जल संरक्षण का संदेश

अलोनी नदी तट पर जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन, दीपमाला और गंगा आरती से दिया जल संरक्षण का संदे

 

कटनी। जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के समापन कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड कटनी के ग्राम घंघरी कला स्थित अलोनी नदी तट एवं मंदिर परिसर में जागरूकता संगोष्ठी, घाट की साफ-सफाई, गंगा आरती तथा दीपमाला सजावट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए जल संरक्षण का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष राम पटेल, जनपद सदस्य प्रतिनिधि रामलाल चौधरी, नंदलाल कोरी, ग्राम पंचायत घंघरी कला के सरपंच समुद्र सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत मझगवां फाटक के सरपंच संतोष निषाद तथा समाजसेवी विजय दुबे उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के प्रथम चरण में विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 19 मार्च से 30 जून तक जिले एवं विकासखंड में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तीनों चरणों में संपन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

 

अपने संबोधन में भाजपा मंडल अध्यक्ष राम पटेल ने कहा कि प्रदेश शासन द्वारा पिछले तीन वर्षों से जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों में सोखता गड्ढा बनाने तथा अधिक से अधिक वर्षा जल को जमीन में पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।

 

ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति हरदुआ के अध्यक्ष अनिल गौतम ने जल संरक्षण पर स्वरचित गीत प्रस्तुत कर ग्रामीणों को प्रेरित किया। वहीं ग्राम की महिलाओं ने जल संरक्षण पर आधारित गीत एवं भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

 

कार्यक्रम के अंतिम चरण में अलोनी नदी के घाट पर दीपों की आकर्षक श्रृंखला सजाई गई तथा सामूहिक गंगा आरती का आयोजन हुआ। इसके बाद जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल ने उपस्थित जनसमुदाय को जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन की शपथ दिलाई।

 

इस अवसर पर नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि आर.एल. चौधरी, साध्वी निगम, राजू यादव, शिवकुमार चौधरी, प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि मनीष पांडेय, अनिल गौतम, शशिकांत पटेल, खेमचंद कुशवाहा, रोशनी पटेल, मेवालाल पटेल, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाता रामानुज पांडेय, श्रीमती संयोगिता मिश्रा, तथा त्रयंबकेश्वर मिश्रा, सतीश त्रिपाठी, सत्येंद्र प्यासी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही।

Exit mobile version