Monday, May 25, 2026
Latest:
katniमध्यप्रदेश

आर्यिकाओं की मौत पर भड़का जैन समाज, कटनी में उबाल, विधायक, जिलाध्यक्ष भी पहुंचे धरना स्थल,जैन समाज ने किया चक्काजाम,कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़ा जैन समाज,

आर्यिकाओं की मौत पर भड़का जैन समाज, कटनी में उबाल, विधायक, जिलाध्यक्ष पहुंचे धरना स्थल,जैन समाज ने किया चक्काजाम,कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़ा जैन समाज

कटनी। रीवा जिले में कुछ दिन पूर्व हुए भीषण सड़क हादसे में जैन समाज की दो आर्यिकाओं की दुखद मृत्यु के विरोध में सोमवार को कटनी में जैन समाज का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में समाजजन पैदल जुलूस निकालते हुए थाना तिराहा पहुंचे, जहां प्रदर्शन सभा का आयोजन किया गया।

समाजजनों का उद्देश्य जिला प्रशासन के माध्यम से शासन तक अपनी भावनाएं एवं मांगें पहुंचाना था। हालांकि जब ज्ञापन लेने के लिए जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे, तो समाज के लोग नाराज हो गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इतने संवेदनशील मामले में स्वयं कलेक्टर को उपस्थित होकर ज्ञापन लेना चाहिए था।

कलेक्टर के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज जैन समाज के लोगों ने थाना तिराहे पर सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया। समाजजन सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक कलेक्टर स्वयं मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरने में शामिल लोगों ने कहा कि आर्यिकाओं की मृत्यु ने पूरे जैन समाज को गहरे आघात में डाल दिया है और प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

इस दौरान मुड़वारा विधायक संदीप श्री प्रसाद भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ठंडन भी जैन समाज के समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचे और समाजजनों के साथ सड़क पर बैठकर आंदोलन में शामिल हुए। विधायक ने समाज की भावनाओं का समर्थन करते हुए प्रशासन से तत्काल संवाद स्थापित करने की मांग की। थाना तिराहा क्षेत्र में सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित रहा और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। देर शाम तक समाजजन कलेक्टर के आने की मांग पर अड़े रहे।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि