जबलपुर। बच्चों की आनलाइन पढ़ाई चल रही है, लेकिन इस बीच अब स्वतंत्रता दिवस के लिए भी आनलाइन तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
इसके लिए शिक्षक, शिक्षिकाएं पढ़ाई के साथ-साथ अब सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी तैयार कर रहे हैं।
बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं, ऐसी स्थिति में शिक्षकों के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को 15 अगस्त के कार्यक्रमों के लिए भी अभ्यास कराएं।
सप्ताह में एक बार अब सांस्कृतिक कार्यक्रम तैयार कराने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कक्षा ले रहे हैं। इसके लिए बच्चों का भाषण, चित्रकला, नृत्य और देशभक्ति गीत तैयार कराए जा रहे हैं।
बच्चों का विभिन्न गतिविधियों में भी आगे रहना जरूरी : निजी स्कूल की शिक्षिका रागिनी तिवारी ने बताया कि अभी से ही 15 अगस्त के कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी गई है।
आनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा इसके लिए बच्चों को अभ्यास कराना बेहद जरूरी है। पढ़ाई के साथ-साथ अब सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी भी वर्चुअल मोड पर कराई जा रही है।
इसके लिए सप्ताह का एक दिन निर्धारित किया गया है। जिसमें बच्चों को भाषण, चित्रकला और देशभक्ति गीत के साथ ही डांस भी सिखाया जा रहा है।
बच्चे इसे उत्साह के साथ सीख रहे हैं और अपने अभ्यास को घर पर भी जारी रख रहे हैं। वीडियो बनाकर भेजते हैं।
जिस पर उनकी गलतियों को पहचान कर उन्हें सुधार करने के लिए बोला जा रहा है। आनलाइन ही विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें बच्चे बेहतर प्रदर्शन कर प्रतियोगिता को जीतने की तैयार कर रहे हैं। इस पर अभिभावक भी उनकी मदद कर रहे हैं।

