katniमध्यप्रदेश

त्योहारों से पहले कटनी पुलिस का सघन चेकिंग अभियान 334 आदतन एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की जांच, हॉटस्पॉट व संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी

त्योहारों से पहले कटनी पुलिस का सघन चेकिंग अभियान
334 आदतन एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की जांच, हॉटस्पॉट व संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरान

कटनी। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कटनी पुलिस ने सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के चारों अनुविभागों में थाना स्तर पर पुलिस टीमों द्वारा सरप्राइज चेकिंग की जा रही है।
अभियान के तहत पुलिस ने जिले के चिन्हित हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में सघन निगरानी की। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पैदल भ्रमण के साथ बाइक पेट्रोलिंग करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी।
334 आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की जांच
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान गुंडे-बदमाशों, नकबजनों, लुटेरों, चाकूबाजों, निगरानीशुदा बदमाशों, जिलाबदर एवं रासुका से संबंधित व्यक्तियों सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे कुल 334 व्यक्तियों की चेकिंग एवं निगरानी की गई। संबंधित व्यक्तियों को कानून-व्यवस्था का उल्लंघन नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
होटल-लॉज और सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी
अभियान के दौरान होटल, लॉज, रैन बसेरा, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी चेकिंग की गई। यहां ठहरे तथा आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और आवश्यकता के अनुसार पूछताछ एवं वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आगामी त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की चेकिंग, पेट्रोलिंग और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

Back to top button