शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं सुव्यवस्थित बनाने निगम का सघन अभियान जारी,आईएचएसडीपी योजना के 12 आवास से हटे अनधिकृत कब्जे, सार्वजनिक स्थलों के अतिक्रमण को हटाने की गई प्रभावी कार्यवाही
शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं सुव्यवस्थित बनाने निगम का सघन अभियान जारी,आईएचएसडीपी योजना के 12 आवास से हटे अनधिकृत कब्जे, सार्वजनिक स्थलों के अतिक्रमण को हटाने की गई प्रभावी कार्यवाही
कटनी। नगर निगम प्रशासन की अतिक्रमण शाखा द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से सघन अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत गुरुवार को नगर के सार्वजनिक स्थलों, नालों एवं मार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाने के साथ-साथ निगम संपत्तियों को कब्जामुक्त कराने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई की गई।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यवाही के दौरान राय कॉलोनी क्षेत्र में नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया गया। इसी प्रकार बरगवां क्षेत्र में नाले के ऊपर रखी गई दुकान को हटवाकर मार्ग एवं नाले को बाधामुक्त कराने की कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान नगर निगम एवं कोतवाली पुलिस की उपस्थिति में तबरेज मोहम्मद के वाहन को भी जब्त करने की कार्रवाई की गई। वहीं गायत्री नगर क्षेत्र में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ अभियान के संबंध में मुनादी कराकर नागरिकों को पूर्व सूचना प्रदान की गई, ताकि स्वैच्छिक रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा सके।
नियमों के उल्लंघन पर लगाया जुर्माना
अतिक्रमण शाखा द्वारा नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मुहैया कराने को लेकर गुरुवार को मुख्य बाजार क्षेत्र में चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने तथा नियमों का उल्लंघन कर व्यवसाय करने वालों से 6 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूलने की कार्यवाही भी की गई।
इंदिरा आवास योजना के 12 भवनों को कराया गया रिक्त
शासन की हितग्राही मूलक आईएचएसडीपी योजना के तहत निर्मित आवासों का लाभ पात्र हितग्राहियों को प्रदान करने के उद्देश्य से योजना के तहत निर्मित 12 आवासीय भवनों पर अनधिकृत लोगों के द्वारा किए गए कब्जे को रिक्त कराकर भवनों को निगम के अधिपत्य में लिया गया।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि शहर में सुगम यातायात, बेहतर जल निकासी, सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण एवं नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए अतिक्रमण नियंत्रण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे शासकीय भूमि, सड़कों एवं नालों पर अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग प्रदान करें।