Site icon Yashbharat.com

कटनी की जनसुनवाई: बिजली पानी राशन से लेकर मार्कशीट में नाम सुधारने तक, 180 लोगों की समस्याएं एवं शिकायतों के निराकरण के निर्देश

20250715 181129 scaled

कटनी कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे 180 आवेदकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। यह जनसुनवाई जिला मुख्यालय से लेकर अनुविभाग, तहसील और विकासखंड मुख्यालय सहित ग्राम पंचायतों में भी आयोजित की गई।

इस दौरान अपर कलेक्टर साधना परस्ते, संयुक्त कलेक्टर संस्कृति लटोरिया, एसडीएम कटनी श्री प्रदीप कुमार मिश्रा और डिप्टी कलेक्टर श्री प्रमोद चतुर्वेदी एवं ज्योति लिल्हारे मौजूद रहे।

बेटे को नहीं मिल रहा राशन

     जनसुनवाई के दौरान विवेकानंद वार्ड निवासी लक्ष्‍मी चौधरी ने बताया कि मैं मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करती हूँ। मेरा बेटा आदर्श चौधरी 100 प्रतिशत दिव्‍यांग है। इस वजह से उसका ई-केवाईसी नहीं हो पा रहा है। ई-केवाईसी न होने के कारण मेरे बेटे का राशन प्रदान नहीं किया जा रहा है। इस पर कलेक्‍टर श्री यादव ने कनिष्‍ठ आपूर्ति अधिकारी पियूष शुक्‍ला को ई-केवाईसी कराने का निर्देश दिया।

मार्कशीट में नाम सुधार करवायें

     जनसुनवाई के दौरान बड़वारा निवासी अजय कुमार ने बताया क‍ि मेरा पुत्र अभिजीत कुमार मां शारदा हायर सेकेण्‍डरी स्‍कूल में कक्षा 10 का छात्र है। कक्षा 10वीं की परीक्षा हेतु प्राप्‍त प्रवेश पत्र में माता का नाम मां दुर्गा देवी के स्‍थान पर दुर्गा चौधरी हो गया है। इसलिए भविष्‍य को देखते हुये मार्कशीट आने के पूर्व माता के नाम को सही करवायें। इस पर कलेक्‍टर श्री यादव ने जिला शिक्षा अधिकारी को समय-सीमा में नाम सुधार कराने के निर्देश दिए।

बीमा की शेष राशि दिलायें

     ग्राम पड़वार निवासी चंद्रभान लखेरा ने बताया कि वर्ष 2021 में सड़क दुर्घटना के कारण मेरी पत्नी बबीता लखेरा का निधन हो गया था। पत्‍नी के मृत्‍यु उपरांत मुझे दुर्घटना बीमा के तहत 4 लाख रूपये की राशि मिलनी थी। परंतु मेरे खाते में अभी तक 2 लाख रूपये की राशि का ही अंतरण हो सका है। शेष राशि का भुगतान करायें। इस पर कलेक्‍टर श्री यादव ने अग्रणी जिला प्रबंधक को शिकायत के निराकरण के निर्देश दिए।

बिजली-पानी उपलब्‍ध करायें

     सतीश कुमार, शिवा पटेरिया, राजेन्‍द्र पाठक एवं अन्‍य आवेदकों ने आवेदन देते हुये बताया कि नगर निगम द्वारा प्रेमनगर एनकेजे थाना के सामने दो वर्ष पूर्व 170 लोगों को बिना बिजली पानी की व्‍यवस्‍था किये ही प्रधानमंत्री शहरी आवास की चाबी सौंप दी गई थी। परंतु, 2 वर्ष बीत जाने के बाद भी बिजली-पानी का प्रबंध नहीं किया गया है। इस वजह से अत्‍यंत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्‍टर श्री यादव ने नगर निगम कमिश्नर को समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

Exit mobile version