Site icon Yashbharat.com

INDvsSA: भारत को पहला झटका, राहुल आउट

जोहान्सबर्ग। वर्नोन फिलेंडर ने बुधवार को तीसरे टेस्ट मैच में भारत को पहला झटका दिया जब उन्होंने केएल राहुल को आउट किया। भारत ने समाचार लिखे जाने तक पहली पारी में 4 ओवरों में 1 विकेट पर 7 रन बना लिए हैं। मुरली विजय 6 और चेतेश्वर पुजारा बगैर खाता खोले क्रीज पर हैं।

भारत ने तीसरे टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। फिलेंडर ने राहुल को खाता भी नहीं खोलने दिया और वे उनकी गेंद पर विकेटकीपर डी कॉक को कैच थमाकर पैवेलियन लौटे।

भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट मैच में मैदान में उतरेगी तो उसके सामने वाण्डरर्स क्रिकेट ग्राउंड में अपराजेय बने रहने के क्रम को बनाए रखने की चुनौती होगी। दक्षिण अफ्रीका सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुका है और उसका इरादा इस मैच को जीतकर सीरीज में भारत का सफाया करने का रहेगा।

भारत ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव कर रोहित शर्मा की जगह अजिंक्य रहाणे को और रविचंद्रन अश्विन की जगह भुवनेश्वर कुमार को शामिल किया। दक्षिण अफ्रीका ने भी टीम में स्पिनर केशव महाराज को बाहर कर एंडिले फेहकुलवायो को प्लेइंग इलेवन में जगह दी।

टीम इंडिया का अभी तक कभी भी दक्षिण अफ्रीका में सफाया नहीं हुआ है और इसलिए टीम इस शर्मनाक रिकॉर्ड से भी बचने के लिए पूरा जोर लगाएगी। भारतीय टीम का द. अफ्रीका में सबसे खराब प्रदर्शन 1996-97 में रहा जब सचिन तेंडुलकर की अगुआई वाली टीम को 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी। 2006 के बाद पिछले तीन दौरों में भारत कम से कम एक मैच जीतने या ड्रॉ कराने में सफल रहा है।

भारत इस मैदान में अभी तक 4 टेस्ट मैच खेल चुका है जिनमें से एक में उसने जीत दर्ज की जबकि तीन टेस्ट मैच ड्रॉ रहे। भारत ने दिसंबर 2006 में द. अफ्रीका को 123 रनों से हराया था।

टीमें – भारत: मुरली विजय, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, हार्दिक पांड्‍या, पार्थिव पटेल, भुवनेश्वर कुमार, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह।

दक्षिण अफ्रीका : डीन एल्गर, ऐडन मार्करैम, हाशिम अमला, एबी डी‍विलियर्स, फॉफ डु प्लेसिस (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, एंडिले फेहलुकवायो, वर्नोन फिलेंडर, कगिसो रबाडा, मोर्ने मॉर्केल, लुंगी नजीडी।

Exit mobile version