Site icon Yashbharat.com

Indore Weather Update: बारिश की विदाई, इस दिन से होगी सर्दियों की शुरुआत

yashbharatnew

Indore Weather Update। इंदौर में रविवार को दिनभर की गर्मी व उमस के बाद शाम 8 बजे बाद मौसम एकाएक बदला और एयरपोर्ट क्षेत्र में गरज- चमक के साथ बारिश हुई।

एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक 8.30 बजे तेज बारिश शुरु हुई और 10 मिनट में 9.2 मिमी पानी बरसा। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी होती रही।

इस दौरान अधिकतम 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से दक्षिणी-पश्चिमी हवाएं चली। रात 9.30 बजे बाद पलासिया क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू हुआ। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी के मुताबिक अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर के कारण इंदौर ओर देवास के ऊपर शाम 7 बजे बाद क्लुम्लोनिंबस [कपासी] बादल बने है। जिसके कारण इंदौर में रविवार रात को बारिश हुई। इंदौर में सोमवार को भी हल्की बारिश होने की संभावना है और बारिश का असर 20 अक्टूबर की दोपहर तक रहेगा।

इंदौर से मानसून की विदाई 22 अक्टूबर के आसपास होने की संभावना है। अभी पश्चिमी विक्षोभ व अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण इंदौर में दिन में हल्के बादल बन रहे है। इसके अलावा बड़वानी, खंडवा, खरगोन में बारिश हो रही है। इंदौर में रात के समय भी बादल होने के कारण ये पृथ्वी की उष्मा को जाने नहीं दे रहे।

इस वजह से इंदौर में पिछले एक सप्ताह से रात का तापमान सामान्य से पांच से छह डिग्री अधिक बना हुआ है। रविवार को भी दिन में कड़ी धूप के कारण लोगों को उमस का अहसास हुआ।

रविवार को भी शहर में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 33.9 डिग्री दर्ज किया वही न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक 22.8 डिग्री दर्ज किया गया।

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ जैसे-जैसे जम्मू कश्मीर की ओर शिफ्ट होगा उसके बाद तापमान में हल्की गिरावट अगले कुछ दिनों में दिखाई देगी।

इंदौर में 10 से 15 नवंबर के आसपास रात में सर्द हवाएं चलने पर ठंड की शुरूआत होने की संभावना है। पिछले वर्षो में नवंबर के अंत तक सर्दियों की शुरुआत होती थी लेकिन इस बार नवंबर में जल्द सर्दियों की शुरुआत होगी।

 

 

 

Exit mobile version