Site icon Yashbharat.com

Indian Railway: यात्रीगण ध्यान दें: 20 सितंबर से बनारस स्टेशन से चलेगी वंदे भारत और महानगरी, कई ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी, कैंट स्टेशन होकर नहीं जाएगी गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस

indian railway

 

Indian Railway: यात्रीगण ध्यान दें: 20 सितंबर से बनारस स्टेशन से चलेगी वंदे भारत और महानगरी, कई ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगीवाराणसी के कैंट स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग का काम जारी है। 20 सितंबर से तीसरे चरण का काम शुरू होगा। इसमें वंदे भारत, महानगरी समेत चार जोड़ी ट्रेनें कैंट की बजाय बनारस और लोहता स्टेशन से चलेंगी।

वाराणसी के कैंट स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग के तीसरे चरण में वंदे भारत और महानगरी एक्सप्रेस 20 सितंबर से बनारस स्टेशन से चलेगी। दोनों ट्रेनों का संचालन 15 अक्तूबर तक होना है। नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत और मुंबई जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस को लेकर उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

तीसरे चरण में ही लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी और बहराइच-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस लोहता स्टेशन से चलेगी। रेल अधिकारियों के अनुसार, तीसरे चरण में 16 जोड़ी ट्रेनें रद्द और 20 जोड़ी बदले मार्ग से चलेंगी। कैंट स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित ने बताया कि द्वितीय चरण के यार्ड रिमॉडलिंग का काम चल रहा है। 20 सितंबर से तीसरे चरण का काम शुरू होगा। इसमें वंदे भारत, महानगरी समेत चार जोड़ी ट्रेनें कैंट की बजाय बनारस और लोहता स्टेशन से चलेंगी।

कैंट स्टेशन होकर नहीं जाएगी गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस

कैंट यार्ड रिमॉडलिंग के चलते 15231/32 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस का मार्ग बदला गया है। 15 अक्तूबर तक यह ट्रेन कैंट की बजाए पीडीडीयूनगर, प्रयागराज होते हुए जाएगी। जबकि अहमदाबाद से 24 सितंबर, एक व आठ अक्तूबर को चलने वाली 19421 अहमदाबाद-पटना एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग मानिकपुर-प्रयागराज-वाराणसी-पं दीन दयाल उपाध्याय के स्थान पर बदले मार्ग-मानिकपुर-प्रयागराज छिवकी-मिर्जापुर-पं दीन दयाल उपाध्याय के रास्ते चलाई जाएगी।

पटना से 26 सितंबर, तीन व 10 अक्तूबर को चलने वाली 19422 पटना-अहमदाबाद एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग पं. दीन दयाल उपाध्याय -वाराणसी कैंट-प्रयागराज-मानिकपुर के स्थान पर बदले मार्ग पं. दीन दयाल उपाध्याय-मिर्जापुर-प्रयागराज छिवकी-मानिकपुर के रास्ते चलाई जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि बनारस से 24 सितंबर, एक, आठ व 15 अक्तूबर को चलने वाली 17324 बनारस-हुबली एक्सप्रेस बनारस स्टेशन के स्थान पर पं. दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन से चलाई जाएगी। हुबली से 22, 29 सितंबर, छह और 13 अक्तूबर को चलने वाली 17323 हुबली-बनारस एक्सप्रेस बनारस स्टेशन के स्थान पर पं. दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन पर यात्रा समाप्त करेगी।

 

Exit mobile version