
लीड्स। रोहित शर्मा के रिकॉर्ड शतक की मदद भारत शनिवार को क्रिकेट वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ एकतरफा जीत की ओर बढ़ रहा है। भारत ने 29ओवरों में बिना किसी नुकसान के 183 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 102 और केएल राहुल 76 रन बनाकर क्रीज पर है। इससे पहले श्रीलंका ने एंजेलो मैथ्यूज के शतक (113) की मदद से 7 विकेट पर 264 रन बनाए थे। रोहित का ये इस विश्व कप में रिकॉर्ड 5वां शतक है और ऐसा करने वाले वे दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं। वर्ल्ड कप में 4 शतक लगाकर वे श्रीलंका के कुमार संगकारा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ शतकीय पारी खेलकर रोहित ने इतिहास रच दिया।
भारत को रोहित और राहुल ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। रोहित शर्मा ने धनंजय डीसिल्वा की गेंद पर छक्का लगाकर फिफ्टी पूरी की। वे 48 गेंदों में 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से फिफ्टी तक पहुंचे। यह उनकी इंटरनेशनल वनडे में 43वीं फिफ्टी है। वहीं राहुल ने 67 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया। अपनी इस पारी में वे 6 चौके और 1 छक्का लगा चुके हैं।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जसप्रीत बुमराह ने श्रीलंका को पहला झटका दिया जब उन्होंने दिमुथ करुणारत्ने को विकेटकीपर धोनी के हाथों झिलवाया। करुणारत्ने 10 रन बनाकर आउट हुए और श्रीलंका को पहला झटका 17 के स्कोर पर लगा। यह उनका 100वां इंटरनेशनल वनडे विकेट है और वे इसे हासिल करने वाले दूसरे तेज भारतीय गेंदबाज बने। वे 57वें वनडे में इस मुकाम तक पहुंचे। कुशल परेरा 7 रनों पर थे जब उन्होंने भुवनेश्वर की गेंद को हवा में खेला जिस पर कुलदीप यादव और हार्दिक पांड्या की गड़बड़ी की वजह से यह आसान कैच छूट गया। बुमराह ने इसके बाद श्रीलंका को दूसरा झटका दिया जब कुशल परेरा उनकी गेंद पर विकेटकीपर धोनी को कैच थमा बैठे। उन्होंने 18 रन बनाए। कुशल मेंडिस मात्र 3 रन बनाकर रवींद्र जडेजा के शिकार बने, वे उनकी गेंद को आगे निकलकर खेलने गए और धोनी ने उन्हें स्टंप कर दिया।
55 रनों पर 4 विकेट की खराब स्थिति के बाद एंजेलो मैथ्यूज को लाहिरु थिरिमाने का साथ मिला और इन्होंने संयमपूर्वक साझेदारी कर पारी को संभाला। मैथ्यूज ने हार्दिक की गेंद पर एक रन लेकर फिफ्टी पूरी की। वे 76 गेंदों में 3 चौकों की मदद से फिफ्टी तक पहुंचे। यह उनकी 39वीं इंटरनेशनल वनडे फिफ्टी है। थिरिमाने ने कुलदीप यादव की गेंद पर चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की। वे 63 गेंदों में 4 चौकों की मदद से इस मुकाम तक पहुंचे। यह उनकी 21वीं इंटरनेशनल वनडे फिफ्टी है। मैथ्यूज जब 61 रनों पर थे तब जडेजा की गेंद पर भुवी ने उनका कैच छोड़ा। इस साझेदारी को कुलदीप यादव ने तोड़ा जब उनकी गेंद पर थिरिमाने ने बैकवर्ड पाइंट पर जडेजा को कैच थमाया। उन्होंने 68 गेंदों में 53 रन बनाए। उन्होंने मैथ्यूज के साथ पांचवें विकेट के लिए 124 रनों की भागीदारी की। मैथ्यूज की शतकीय पारी का अंत बुमराह ने किया, वे एकस्ट्रा कवर पर रोहित शर्मा को कैच दे बैठे। उन्होंने 128 गेंदों का सामना कर 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 113 रन बनाए। ये मैथ्यूज का वनडे में तीसरा शतक है और खास बात ये है कि उन्होंने ये तीनों शतक भारत के खिलाफ ही लगाए हैं। थिसारा परेरा 2 रन बनाकर भुवी के शिकार बने। धनंजय डीसिल्वा 29 और इसुरु उडाना 1 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए जबकि श्रीलंका ने एक बदलाव किया। भारत ने युजवेंद्र चहल और मोहम्मद शमी को आराम देकर कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा को शामिल किया। श्रीलंका ने वेंडारसे की जगह थिसारा परेरा को शामिल किया।
सेमीफाइनल में पहुंच चुका भारत 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वह इस मैच को जीतकर 15 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंचना चाहेगा। वैसे इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को ही कुछ समय बाद डे-नाइट मैच में दक्षिण अफ्रीका का सामना करना है। वह 14 अंकों के साथ अभी शीर्ष पर है और वह इस मैच को जीतकर फिर अंक तालिका में नंबर वन बनना चाहेगा।
भारत ने इस वर्ल्ड कप में केएल राहुल से पारी की शुरुआत करवाना शुरू की, उसका मध्यक्रम कमजोर हो गया। रिषभ पंत, केदार जाधव, महेंद्रसिंह धोनी और हार्दिक पांड्या प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। टीम प्रबंधन चाहेगा कि नॉकआउट मैचों से पहले मध्यक्रम के बल्लेबाज लय हासिल कर ले। इसके चलते भारत ने यदि टॉस जीता तो वह पहले बल्लेबाजी करना चाहेगा।
सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका श्रीलंका इस मैच में प्रतिष्ठा बचाने के इरादे से खेलेगा। वह इंग्लैंड को हरा चुका है, इसलिए भारत उससे कमजोर नहीं आंक सकता है। भारत इस मैच को जीतकर बढ़े हुए मनोबल के साथ सेमीफाइनल में खेलना चाहेगा। श्रीलंका के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा है और पूरी टीम एक यूनिट की तरह कम ही नजर आई है। कुशल परेरा, कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने जरुर कुछ बेहतरीन पारियां खेंलीं लेकिन अन्य बल्लेबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। उधर गेंदबाजी में केवल लसिथ मलिंगा ही प्रभावी नजर आ रहे हैं। लेकिन अन्य गेंदबाज विकेट लेने में सफल नहीं हो पाए हैं।
टीमें : भारत – रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), रिषभ पंत, महेंद्रसिंह धोनी, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह।
श्रीलंका – दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), कुशल परेरा, अविष्का फर्नांडो, कुशल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, लाहिरु थिरिमाने, थिसारा परेरा, धनंजय डीसिल्वा, इसुरु उडाना, लसिथ मलिंगा, कसून रजिथा।