India vs Bangladesh Result: भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश को हराया, शुभमन गिल ने खेली धमाकेदार पारी

India vs Bangladesh Result: भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश को हराया, शुभमन गिल ने खेली धमाकेदार पारी। टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अपने सफर की शुरुआत जीत के साथ की है. दुबई में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराते हुए पहले ही मैच में अपना खाता खोल लिया. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम की मुश्किल साबित हुई पिच पर टीम इंडिया को 229 रन का लक्ष्य हासिल करने में भी पसीने छूटे और एक वक्त पर वो फंसती हुई दिख रही थी लेकिन शुभमन गिल ने एक शानदार शतक जमाकर टीम इंडिया को जीत दिलाकर ही दम लिया. गिल से पहले टीम इंडिया के लिए जीत की बुनियाद तैयार करने का काम किया स्टार पेसर मोहम्मद शमी ने, जिन्होंने 5 विकेट लेकर बांग्लादेश की उम्मीदों को झटका दिया था.
टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला भी बांग्लादेश के लिए अच्छा साबित नहीं हुआ. टीम के कप्तान नजमुल होसैन शांतो के इस फैसले के पीछे वजह तो दमदार थी क्योंकि शाम के वक्त दुबई स्टेडियम में ओस नहीं पड़ रही थी, जिससे उसके स्पिनर अहम भूमिका निभाते लेकिन उसके लिए टीम को मुकाबले लायक स्कोर बनाने की जरूरत थी. मगर पहले और दूसरे ओवर में लगातार 2 विकेट गंवाने के बाद ये फैसला गलत साबित होता दिखा. जल्द ही 9वें ओवर तक सिर्फ 35 रन पर ही टीम के 5 विकेट गिर गए थे, जिसमें से 2 विकेट शमी ने लिए थे. वहीं 9वें ओवर में अक्षर पटेल ने लगातार 2 विकेट झटके मगर रोहित शर्मा ने जाकिर अली का कैच ड्रॉप कर अक्षर की हैट्रिक नहीं होने दी.
इस कैच ड्रॉप का खामियाजा टीम इंडिया को भुगतना पड़ा. जाकिर अली ने तौहीद हृदॉय के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 154 रन की शानदार साझेदारी कर टीम की वापसी करवाई. इस दौरान तौहीद को भी हार्दिक पंड्या ने कैच छोड़कर राहत दिलाई. उस वक्त वो सिर्फ 23 रन पर थे. मगर दोनों बल्लेबाजों ने इसका फायदा उठाया और इस शानदार साझेदारी से टीम को मुकाबले लायक स्थिति में पहुंचाया. जाकिर को शमी ने आउट कर वनडे में अपने 200 विकेट पूरे किए. वहीं तौहीद ने वनडे क्रिकेट में अपना पहला शतक पूरा कर दिन को यादगार बनाया. शमी ने हालांकि आखिरी के बल्लेबाजों को ज्यादा नहीं टिकने दिया और 5 विकेट लेकर बांग्लादेश की पारी को 228 रन पर समेट दिया.








