Site icon

India-Nepal Relations: भारत से नेपाल प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध, बार्डर पर रोके गए प्‍याज लदे ट्रक

15 09 2020 india nepal bardar 20749465

महराजगंज। प्याज के बढ़ते दाम को देखते हुए भारत सरकार ने नेपाल में प्याज निर्यात पर  प्रतिबंध लगा दिया है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने प्याज के निर्यात को  प्रतिबंधित कर दिया है।

आदेश के बाद प्याज की सभी किस्मों के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। सोनौली के कस्टम उपायुक्त शशांक यादव ने बताया कि देश भर में प्याज की बढ़ती कीमतों पर अंकुश  लगने के मद्देनजर उसके नेपाल सहित सभी देशों में निर्यात पर रोक लगा दी गई है।

आदेश आने के बाद सोनौली सीमा पर प्याज लदे ट्रकों की एंट्री प्रतिबंधित कर दी गई है। जो प्याज लदे ट्रक सीमा पर पहुंच गए थे, उन्हें कस्टम विभाग व एसएसबी द्वारा वापस लौटाया जा रहा है।

सीमा पर तस्‍करी रोकने पर बनी सहमति

सोनौली भारत व नेपाल के अधिकारियों के बीच सीमा सुरक्षा के मद्देनजर बैठक हुई । नौतनवा एसडीएम प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तस्करी रोकने एवं घुसपैठ पर पूर्णत: पाबंदी लगाने को लेकर चर्चा हुई।

एसडीएम ने कहा कि खुली सरहद पर आए दिन तस्करी व घुसपैठ से संबंधित घटनाएं सामने आ रहीं हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों के रात्रि में गश्त का समय और बढ़ाया जाए। उन्होंने नेपाल के अधिकारियों से देश विरोधी गतिविधियों पर नजर बनाए रखने अपील की।

इस मौके पर एसएसबी सहायक कमांडेंट संजय प्रसाद, कोतवाल आशुतोष कुमार सिंह, कस्टम अधीक्षक सीवी सिंह, ईओ राजनाथ यादव, नेपाल के बेलहिया इंस्पेक्टर ईश्वरी अधिकारी, नेपाल एपीएफ प्रभारी विजय थापा सहित आब्रजन एवं खुफिया विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version