टाल व्यवसायी चमनलाल आनंद के तीन ठिकानों पर आयकर विभाग की दबिश कटनी जबलपुर की टीम की कार्यबाही से माधव नगर में खलबली
कटनी। माधवनगर के टाल व्यवसायी चमनलाल आनंद से जुड़े तीन ठिकानों पर मंगलवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी। कटनी और जबलपुर के आयकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने उनकी फर्म और निवास सहित तीन स्थानों पर पहुंचकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान करीब एक दर्जन अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम व्यवसाय से संबंधित वित्तीय लेन-देन, आय-व्यय और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। जांच के दायरे में संभावित वित्तीय अनियमितताओं, कर अपवंचन और आय से संबंधित अभिलेखों को शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है। विभागीय टीम संबंधित दस्तावेजों का मिलान करने के साथ अन्य जरूरी जानकारियां भी जुटा रही है।
सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से माधवनगर क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा। फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है। हालांकि, कार्रवाई के संबंध में विभाग की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े तथ्यों और निष्कर्षों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

