कड़ाके की ठंड में तड़के 4 बजे से जालपा वार्ड स्थित माइनिंग कारोबारी के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी
कटनी। शहर के जालपा वार्ड स्थित एक माइनिंग कंपनी पर आयकर विभाग ने तड़के बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह लगभग 4 बजे से आयकर विभाग की छापामार टीम फर्म, माइनिंग ठिकानों एवं संबंधित आवासों पर एक साथ जांच कर रही है। यह कार्रवाई समाचार लिखे जाने तक जारी बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित फर्म माइनिंग कारोबारी शंकर लाल विश्वकर्मा की बताई जा रही है। आयकर विभाग की टीम आय से अधिक संपत्ति के मामले में दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान फर्म से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड, लेन-देन से संबंधित कागजात तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग ने पूर्व में मिली सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की है। जांच के दायरे में माइनिंग गतिविधियों से जुड़े खातों, संपत्तियों एवं निवेश की जानकारी शामिल है। कार्रवाई को देखते हुए संबंधित ठिकानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है।
उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिन पूर्व श्री विश्वकर्मा की माता का निधन हुआ था और तेरहवीं के ठीक तीसरे दिन आयकर विभाग द्वारा यह कार्रवाई शुरू की गई है, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

