Site icon YASHBHARAT.COM

लघु वेतन कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी बैठक में कर्मचारी हितों पर मंथन,हेमराज सिंह बने ढीमरखेड़ा तहसील अध्यक्ष, नववर्ष कैलेंडर विमोचन समारोह इस बार कर्मचारी पारिवारिक मिलन के रूप में होगा आयोजित

IMG 20261124 WA0023

लघु वेतन कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी बैठक में कर्मचारी हितों पर मंथन,हेमराज सिंह बने ढीमरखेड़ा तहसील अध्यक्ष, नववर्ष कैलेंडर विमोचन समारोह इस बार कर्मचारी पारिवारिक मिलन के रूप में होगा आयोजित

कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा कटनी की जिला कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक 24 नवंबर को आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके निराकरण के लिए आगामी रणनीति तैयार की गई। साथ ही संघ के नववर्ष 2027 के कैलेंडर विमोचन कार्यक्रम की रूपरेखा भी तय की गई।

संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके ने बताया कि बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में संभाग स्तर पर संभागायुक्त जबलपुर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि संघ द्वारा पूर्व में रसोइया बहनों के मानदेय भुगतान को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया था। संघ के प्रयासों और ज्ञापन पर प्रशासन द्वारा संज्ञान लेते हुए रसोइया बहनों को दो माह के मानदेय का भुगतान कर दिया गया है। हालांकि अभी अक्टूबर माह का मानदेय लंबित है, जिसके भुगतान के लिए भी संघ प्रयासरत रहेगा।

बैठक में संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में हेमराज सिंह को ढीमरखेड़ा तहसील अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया गया। उनके मनोनयन पर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा नववर्ष 2027 के कैलेंडर विमोचन कार्यक्रम को इस बार विशेष स्वरूप देने का निर्णय लिया गया। सर्वसम्मति से तय किया गया कि कैलेंडर विमोचन समारोह को कर्मचारी पारिवारिक मिलन समारोह के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें संघ के सदस्यों एवं उनके परिवारों की सहभागिता रहेगी।

बैठक में उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, जिला महामंत्री मनोज श्रीवास, सह सचिव हरीश बेन, मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय, संगठन सचिव अजीमुद्दीन शाह, विभागीय समिति अध्यक्ष राजेश विश्वकर्मा, तहसील अध्यक्ष कटनी रामवतार विश्वकर्मा, रसोइया प्रकोष्ठ अध्यक्ष रत्ना ठाकुर सहित ललिता, रागिनी, रजनी, शोभा खटीक, प्रदीप रजक, रामेश्वर बर्मन, विजय कोल एवं अमर बर्मन उपस्थित रहे।

Exit mobile version