Site icon Yashbharat.com

महापौर के मुख्य आतिथ्य में वेंकट वार्ड स्थित शासकीय विद्यालय में खेल गतिविधियों को मिला प्रोत्साहन, फीता काटकर खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ

IMG 20251219 WA0029

महापौर के मुख्य आतिथ्य में वेंकट वार्ड स्थित शासकीय विद्यालय में खेल गतिविधियों को मिला प्रोत्साहन, फीता काटकर खेल प्रतियोगिताओं का शुभारं

कटनी — शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वेंकट वार्ड के शाला परिसर में शाला संस्था द्वारा छात्र-छात्राओं को खेल प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय में बच्चों के लिए बॉलीबॉल एवं फुटबॉल सहित खेल सुविधाओं हेतु आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके उपरांत आज शुक्रवार को शाला स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं की औपचारिक शुरुआत की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर की महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती बीना बैनर्जी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री प्रकाश नारायण द्विवेदी सहित समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

खेल से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को मिलती है दिशा — महापौर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती सूरी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी खेलों के प्रति रुचि के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

इस अवसर पर राज्य स्तर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता सहित अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की तथा विद्यालय प्रबंधन को इस प्रकार की शैक्षणिक एवं बौद्धिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने हेतु बधाई दी।

Exit mobile version