भोपाल में निजी एजेंसियों को मिलेगा पानी सप्लाई और बिल वसूली का जिम्मा, उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा वित्तीय बोझ
भोपाल: राजधानी भोपाल की कॉलोनियों में पानी की सप्लाई और हर घर से जलकर (Water Tax) वसूलने का काम अब भोपाल नगर निगम (BMC) निजी एजेंसियों के हाथों में सौंपने जा रहा है। हाल ही में आयोजित मेयर-इन-कौंसिल (MIC) की बैठक में इस प्रस्ताव को हरि झंडी दे दी गई है।
उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा अतिरिक्त बोझ
इस नई व्यवस्था के लागू होने से भोपाल के आम उपभोक्ताओं को प्रति 1000 लीटर पानी के उपयोग पर ₹3 से ₹5 तक का अतिरिक्त वित्तीय बोझ उठाना पड़ेगा। नगर निगम का तर्क है कि इससे पानी के बिलों की रिकवरी बेहतर होगी और सप्लाई व्यवस्था में सुधार आएगा।
जानिए क्या होगी नई व्यवस्था और पानी की दरें?
नगर निगम निजी एजेंसी को ₹17 प्रति हजार लीटर के हिसाब से पानी उपलब्ध कराएगा। इसके बाद निजी एजेंसी कॉलोनियों के घरों से ₹20 से ₹22 प्रति हजार लीटर के हिसाब से जलकर की वसूली करेगी। कॉलोनियों में मेंटेनेंस और बिलिंग व्यवस्था को अब पूरी तरह आउटसोर्स किया जाएगा।

