व्यापारियों के सकारात्मक सहयोग के बिना व्यवस्थाओं में सुधार संभव नहीं – निगमायुक्त, मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर आवागमन, साफ सफाई एवं प्रकाश व्यवस्थाओं में सुधार लाने दिए निर्दे
मिशन चौक, कोतवाली तिराहा एवं जगन्नाथ चौक के अनधिकृत बैनर पोस्टर पर करें कार्यवाही- निगमायुक्त
कटनी।नगर की यातायात, प्रकाश एवं स्वच्छता व्यवस्था को त्योहारी सीजन के मद्देनजर सुदृढ़ बनाने हेतु निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार (IAS) ने शुक्रवार देर शाम मिशन चौक से सुभाष चौक मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नालों के ऊपर बने फुटपाथों पर अतिक्रमण, अनाधिकृत बैनर पोस्टर, प्रकाश व्यवस्था एवं सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर वर्तमान व्यवस्थाओं सुधार लाने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान मामा स्वीट्स, कृष्ण फर्नीचर, घूघट विनय जनरल स्टोर, हरिओम फ्रूट एंड जूस सहित करीब आधा दर्जन से अधिक दुकानदारों द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर सामग्री रखकर व्यवसाय करते पाए जाने पर निगमायुक्त ने दुकान संचालकों से संवाद कर कहा कि नागरिकों और व्यापारियों के सकारात्मक सहयोग के बिना व्यवस्थाओं में स्थायी सुधार संभव नहीं है। यदि आप सामग्री दुकान की सीमा के भीतर रखकर व्यवसाय करेंगे तो आवागमन बाधित नहीं होने के साथ व्यवस्थाओं में भी सुधार होगा।
रोस्टर के अनुसार करें अतिक्रमण पर कार्यवाही
निगमायुक्त ने मिशन चौक मुख्य चौराहे के निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप से मुड़वारा स्टेशन मार्ग तथा नगीना मस्जिद के सामने कॉर्नर की सड़क पर सामग्री रखकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों एवं फुटपाथ पर ठेला-टपरा लगाकर व्यवसाय करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही करने के निर्देश अतिक्रमण अमले को दिए। उन्होंने फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखते हुए पैदल राहगीरों के लिए सुरक्षित बनाने हेतु निर्धारित रोस्टर अनुसार नियमित कार्यवाही सुनिश्चित करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान सिटी कोतवाली के सामने सार्वजनिक मार्ग को क्षतिग्रस्त कर टेंट लगाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित टेंट संचालक को नोटिस जारी करने एवं थाना तिराहा, मिशन चौक, एवं जगन्नाथ चौक में अनाधिकृत रूप से लगने वाले बैनर पोस्टर पर भी कार्यवाही करने के निर्देश अतिक्रमण प्रभारी को दिए। इस दौरान 5 व्यवसायियों के खिलाफ 3 हजार 200 रूपये का स्पॉट फाइन भी लगाया गया।
पैदल राहगीरों के लिए फुटपाथ व्यवस्थित करने के निर्देश
निगमायुक्त ने उपयंत्री रवि हनोते एवं हिमांशु गौतम को निर्देशित किया गया कि नालों के ऊपर निर्मित फुटपाथों को पूर्णतः दुरुस्त किया जाए। सुरक्षा की दृष्टि से पोस्ट ऑफिस गली के पास खुले नाले को तत्काल ढकने तथा सड़क के दोनों ओर अव्यवस्थित स्थलों को व्यवस्थित करने, निगम कार्यालय के बाहर अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि राहगीरों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन मिल सके।
सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान मार्ग पर कचरा फेंके जाने एवं सफाई में कमी पर स्वास्थ्य अधिकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निगमायुक्त ने मुख्य मार्ग के सभी दुकानदारों की दुकानों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखवाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
वहीं निगम कार्यालय के बाजू स्थित केंद्रीय विद्यालय झिंझरी के बगल, चर्च के आसपास तथा सामने वाले मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था में कमी पाए जाने पर अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विद्युत शाखा को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री हिमांशु गौतम, रवि हनोते, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

