चाय पर चलेंगे तो दिल्ली के प्रदूषण का समाधान बताऊंगी…’, अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रा की बेबाकी पर खिलखिला उठे राहुल गांधी; वीडियो वायरल
नई दिल्ली / न्यूयॉर्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी से एक बेहद दिलचस्प वाकया सामने आया है। यहां संवाद कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की रहने वाली एक छात्रा ने राहुल गांधी को राष्ट्रीय राजधानी के वायु प्रदूषण का समाधान बताने के लिए ‘चाय पर बातचीत’ करने का सीधा न्योता दे दिया। छात्रा की इस बेबाकी को सुनकर राहुल गांधी समेत सभागार में मौजूद सभी लोग ठहाके लगाकर हंस पड़े। इस बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
‘प्रदूषण का समाधान तैयार किया है, चाय पर समझाऊंगी
’ दरअसल, राहुल गांधी 16 से 19 नवंबर तक चार दिवसीय अमेरिका दौरे पर रहे। 17 नवंबर को जब वे कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों से संवाद कर रहे थे, तभी दिल्ली निवासी छात्रा रिधि कपूर ने माइक संभाला। रिधि ने कहा कि दिल्ली का वायु प्रदूषण एक गंभीर समस्या है और उन्होंने इससे निपटने के लिए एक खास समाधान तैयार किया है। यह सुनते ही राहुल गांधी ने उत्सुकता से पूछा कि आखिर वह समाधान क्या है? इस पर छात्रा ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “अगर आप चाहें तो हम चाय पर इस बारे में बात कर सकते हैं, मैं वहीं समझाऊंगी।” छात्रा का यह हाजिरजवाब अंदाज सुनकर राहुल गांधी भी मुस्कुरा दिए और कहा, “ठीक है, हम ऐसा कर सकते हैं।”
छात्र आंदोलनों पर बोले राहुल गांधी- ‘अब लोगों के भीतर से डर कम हुआ है’
चाय के न्योते के बाद छात्रा ने अपना मुख्य सवाल पूछते हुए जानना चाहा कि भारत में छात्र आंदोलनों का भविष्य क्या है और क्या इससे नागरिक समाज अधिक सक्रिय हो रहा है? इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि पिछले करीब 10 वर्षों में उन्होंने देखा कि देश में छात्र, किसान और ब्लॉगर अपनी बात रखने से डरते थे। उन्हें सरकार की कार्रवाई, पुलिस या जेल जाने की आशंका रहती थी, लेकिन अब लोगों के मन से यह डर कम हुआ है और वे खुलकर अपनी आवाज उठा रहे हैं।
‘जो हिम्मत माता-पिता नहीं जुटा पाए, वह छात्रों ने कर दिखाया’
राहुल गांधी ने इस बदलाव का श्रेय छात्र आंदोलनों को देते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक माहौल को मजबूत करने में छात्रों की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया, उन्होंने वह साहस दिखाया है जो शायद उनके माता-पिता भी नहीं जुटा पाते। फिलहाल, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी और छात्रा के बीच हुई इस हल्की-फुल्की और बेबाक बातचीत की खूब चर्चा हो रही है।

