होटल कदम ट्री में हनीट्रैप का भंडाफोड़: 20 लाख की रंगदारी मांगने वाली युवती 2.50 लाख कैश लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

होटल कदम ट्री में हनीट्रैप का भंडाफोड़: 20 लाख की रंगदारी मांगने वाली युवती 2.50 लाख कैश लेते रंगे हाथों गिरफ्तारm
जबलपुर (यश भारतडॉट कॉम)। शहर के एक नामचीन रियल एस्टेट कारोबारी को अपने जाल में फंसाकर 20 लाख रुपये की मोटी रकम ऐंठने की कोशिश करने वाली शातिर युवती को कोतवाली पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। गोपालबाग स्थित होटल कदम ट्री में जैसे ही आरोपी युवती कारोबारी से 2.50 लाख रुपये की पहली किश्त ले रही थी, पहले से मुस्तैद महिला पुलिस कर्मियों ने उसे धर दबोचा।
पति को छोड़ने और शादी का बना रही थी दबाव
मिली जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय आरोपी युवती पूजा रैदास (मूल निवासी उमरिया) पिछले कुछ समय से बिल्डर के संपर्क में थी। धीरे-धीरे उसने कारोबारी को अपने जाल में फंसाया और फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल। युवती कारोबारी पर दबाव बना रही थी कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करे। जब कारोबारी ने इससे इनकार किया, तो युवती ने उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाकर करियर और सामाजिक प्रतिष्ठा बर्बाद करने की धमकी देना शुरू कर दिया।
20 लाख में बनी बात, 7 लाख पर हुआ सौदा तय
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़ित व्यवसायी ने हिम्मत दिखाई और पूरे मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया और युवती को रंगे हाथों पकड़ने का जाल बिछाया गया। रणनीति के तहत कारोबारी ने युवती से बातचीत की, जिसमें 20 लाख रुपये की मांग को घटाकर 7 लाख रुपये में सेटलमेंट तय हुआ।
होटल कदम ट्री में बिछाया गया पुलिस का जाल
तय सौदे के मुताबिक रविवार रात युवती ने कारोबारी को गोपालबाग स्थित होटल कदम ट्री में पहली किश्त के रूप में 2.50 लाख रुपये लेकर बुलाया। कोतवाली पुलिस की टीम पहले से ही होटल परिसर में सादे कपड़ों में तैनात थी। जैसे ही आरोपी युवती ने नकदी से भरा लिफाफा अपने हाथ में लिया, पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी महिला के पास से 2.50 लाख रुपये कैश और मोबाइल जब्त कर लिया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि इस हनीट्रैप के पीछे कोई संगठित गिरोह तो काम नहीं कर रहा था और युवती के साथ इस ब्लैकमेलिंग में और कौन-कौन शामिल हैं।








