नई दिल्ली। केंद्र की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार की चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर हुई एक अहम बैठक ने राजनीतिक गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद रहे। तीनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक, इस महत्वपूर्ण बैठक में देश के मौजूदा राजनीतिक हालात से लेकर आगामी चुनावी रणनीति तक कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मध्य प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य को लेकर भी चर्चा होने की खबर है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव पर बनी रणनीति
बैठक का एक प्रमुख एजेंडा आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव भी रहा। इन राज्यों में पार्टी की चुनावी तैयारियों, संगठन की भूमिका और राजनीतिक समीकरणों को लेकर शीर्ष नेतृत्व के बीच मंथन होने की जानकारी सामने आई है। भाजपा आगामी चुनावों में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए संगठन और सरकार के स्तर पर रणनीति तैयार कर रही है।
विशेष सत्र और केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा
सूत्रों की मानें तो बैठक में संसद के आगामी विशेष सत्र और उससे जुड़े राजनीतिक एवं रणनीतिक मुद्दों पर भी विचार किया गया। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार को लेकर भी चर्चा होने की अटकलें हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और भाजपा अध्यक्ष की एक साथ हुई इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश की राजनीति पर भी टिकी नजरें
इस बैठक में मध्य प्रदेश के राजनीतिक हालात पर चर्चा की खबर सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत में भी हलचल बढ़ने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश से जुड़े किन मुद्दों पर चर्चा हुई और इसका संभावित मंत्रिमंडल विस्तार से कोई संबंध है या नहीं, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल इस हाईलेवल बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार, संगठनात्मक बदलाव और आगामी चुनावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सबकी निगाहें भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के अगले कदम और संभावित फैसलों पर टिकी हैं।

