हनुमान अंश विवाद: मुंबई का ऐतिहासिक ‘गेटी गैलेक्सी’ थिएटर सील, पुलिस जांच के बाद गिरी गाज
हनुमान अंश विवाद: मुंबई का ऐतिहासिक ‘गेटी गैलेक्सी’ थिएटर सील, पुलिस जांच के बाद गिरी गाज
मुंबई (यशभारत डॉट कॉम)। बांद्रा स्थित मुंबई के बहुचर्चित और ऐतिहासिक सिनेमाघर ‘गेटी गैलेक्सी’ (GAIETY GALAXY) पर प्रशासन का बड़ा चाबुक चला है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के शो हटाने से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस जांच में नियमों के भारी उल्लंघन का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने थिएटर को बंद करने का नोटिस जारी कर दिया है, जिससे सिनेमाघर मालिकों को करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ेगा।
शो हटाने पर हुआ था भारी विरोध
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अगस्त 2026 में रिलीज हुई और संत नीम करोली बाबा के शुरुआती जीवन पर आधारित हिंदी फिल्म ‘हनुमान अंश’ के शो गेटी गैलेक्सी थिएटर द्वारा हटा दिए गए थे। इस बात से नाराज कई हिंदू संगठनों ने थिएटर के बाहर उग्र प्रदर्शन किया और वहां लगी फिल्म ‘मिर्जापुर’ के पोस्टर भी फाड़ दिए। पुलिस ने शुरुआती मामले में प्रदर्शन करने वाले 10 से 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
जांच में खुली पोल, नहीं था रिन्यू लाइसेंस
प्रदर्शन के बाद जब मुंबई पुलिस की टीम रूटीन इंक्वायरी के लिए गेटी गैलेक्सी पहुंची, तो जांच में कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं:
थिएटर प्रबंधन ने साल 2021-22 के बाद से सिनेमाघर का लाइसेंस रिन्यू ही नहीं कराया था। जांच के दौरान परिसर में कई तकनीकी खामियां और जरूरी सुरक्षा सर्टिफिकेट्स की कमी पाई गई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थिएटर संचालकों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया और नोटिस देकर सिनेमाघर को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया।
1972 से संचालित है ऐतिहासिक थिएटर
गौरतलब है कि 1972 में शुरू हुआ ‘गेटी गैलेक्सी’ मुंबई के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित थिएटर्स में से एक माना जाता है। वहीं दूसरी ओर, शोभिनव सत्या स्टारर फिल्म ‘हनुमान अंश’ का जलवा बरकरार है और भारत में ब्लॉकबस्टर साबित होने के बाद अब यह 11 सितंबर 2026 को ओवरसीज/विदेशों के सिनेमाघरों में भी दस्तक देने जा रही है।








