katniमध्यप्रदेश

जलकर राहत योजना का लाभ नहीं लेना पड़ा भारी, आधा दर्जन नल कनेक्शन हुए विच्छेदित,50 प्रतिशत बकाया जमा कर शेष राशि पर छूट का अवसर, फिर भी भुगतान नहीं करने वालों पर कार्रवाई

जलकर राहत योजना का लाभ नहीं लेना पड़ा भारी, आधा दर्जन नल कनेक्शन हुए विच्छेदित,50 प्रतिशत बकाया जमा कर शेष राशि पर छूट का अवसर, फिर भी भुगतान नहीं करने वालों पर कार्रवाई

कटनी। जलकर के वर्षों से बकायादार उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लागू की गई विशेष जलकर राहत योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को स्पष्ट अवसर दिया गया है। योजना के तहत कुल बकाया जलकर राशि का 50 प्रतिशत एकमुश्त जमा करने पर शेष 50 प्रतिशत राशि में छूट प्रदान की जा रही है। इसके बावजूद नोटिस एवं सूचना के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध अब नगर निगम ने सख्त कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

 

इसी क्रम में जलप्रदाय शाखा एवं वसूली दल द्वारा शनिवार को नगर के विभिन्न वार्डों में 6 उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्यवाही की गई। जलकर शाखा प्रभारी एवं सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं को उनके बकाया जलकर की जानकारी देने के साथ ही विशेष राहत योजना के तहत उपलब्ध 50 प्रतिशत छूट का लाभ लेने के लिए राशि जमा करने हेतु सूचित किया गया था। इसके बावजूद निर्धारित समय में बकाया राशि जमा नहीं की गई।

 

करीब 3.36 लाख रुपये की बकाया राशि पर कार्रवाई

 

निगम द्वारा विभिन्न वार्डों में की गई कार्रवाई के दौरान आईडी क्रमांक 1003426420 पर 13,722 रुपये, आईडी क्रमांक 1002306181 पर 48,815 रुपये, आईडी क्रमांक 1002311328 पर 55,079 रुपये, आईडी क्रमांक 1002304111 पर 75 हजार 318 रुपये, आईडी क्रमांक 1002318893 पर 57 हजार 863 रूपये तथा आईडी क्रमांक 1002310116 पर 86 हजार 367 रूपये

जलकर बकाया पाया गया। उपरोक्त 6 उपभोक्ताओं को राहत योजना के तहत मिलने वाली छूट की जानकारी देने के बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर उनके नल कनेक्शन विच्छेदित कर दिए गए।

 

छूट का अवसर भी, कार्रवाई से बचने का रास्ता भी

 

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जलकर राहत योजना बकायादार उपभोक्ताओं के लिए बकाया समाप्त करने का विशेष अवसर है। उपभोक्ता कुल बकाया राशि का 50 प्रतिशत जमा कर शेष 50 प्रतिशत की छूट प्राप्त कर सकते हैं। निगम द्वारा बार-बार सूचना एवं अवसर दिए जाने के बाद भी भुगतान नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार नल कनेक्शन विच्छेदन सहित अन्य कार्रवाई जारी रहेगी।

 

निगम प्रशासन ने बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि कार्रवाई का इंतजार न करें और योजना की अवधि में बकाया जलकर का 50 प्रतिशत जमा कर शेष राशि पर मिलने वाली छूट का लाभ उठाएं। निगम ने साफ संदेश दिया है कि राहत योजना का लाभ लेने वालों के लिए अवसर खुला है, लेकिन बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध अब कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Back to top button