रफी अहमद किदवई वार्ड में विकास कार्यों की सौगात, 32 लाख रुपये से अधिक लागत के नाली निर्माण कार्य का हुआ भूमिपूजन,महापौर, क्षेत्रीय पार्षद सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में नागरिकों को मिली महत्वपूर्ण जनसुविध
सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था से क्षेत्रवासियों को मिलेगी राहत
कटनी – नगर के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में नगर निगम द्वारा गुरुवार को रफी अहमद किदवई वार्ड में महत्वपूर्ण विकास कार्य का शुभारंभ किया गया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती खुशबू अनिरुद्ध सोनी सहित जनप्रतिनिधियों की विशेष मौजूदगी में लगभग 32.26 लाख रुपये की लागत से सी.सी. नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्वश्री डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, उमेन्द्र अहीरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष प्रमोद सोनी,समाजसेवी अनिरुद्ध सोनी,संजू नाकरा,जमुना उपाध्याय, गोपाल अग्रवाल, श्याम मोहन तिवारी, कपिल मिश्रा, दीपु दुबे ,कमलेश गौतम सहित अन्य क्षेत्रवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वार्डवासियों ने किया आत्मीय स्वागत
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने महापौर एवं अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के अंतर्गत नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन वार्ड की वरिष्ठ नागरिक श्रीमती रेखा दुबे के कर-कमलों से संपन्न कराया गया। स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
भूमिपूजन के अंतर्गत रफी अहमद किदवई वार्ड में सोमनाथ चौधरी से सुलभ कॉम्प्लेक्स तक एवं विभिन्न स्थानों पर 32.26 लाख रुपये की लागत से सी.सी. नाली निर्माण कार्य कराया जाएगा। यह कार्य क्षेत्र में वर्षा जल निकासी को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वार्ड में सुदृढ़ होती बुनियादी सुविधाओं से लोगों को मिलेगी राहत— महापौर
इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नागरिकों को बेहतर सड़क, नाली, पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य के साथ लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
वार्ड के विकास के लिए सतत प्रयास जारी रहेंगे — पार्षद खुशबू सोनी
क्षेत्रीय पार्षद खुशबू अनिरुद्ध सोनी ने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं का निराकरण एवं मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी जिम्मेदारी है। लंबे समय से अपेक्षित इस नाली निर्माण कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र के अनेक परिवारों को लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में भी वार्ड के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
जनसंवाद एवं वार्ड भ्रमण के साथ कार्यक्रम संपन्न
कार्यक्रम के पश्चात महापौर श्रीमती सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने वार्ड की विभिन्न गलियों का भ्रमण कर क्षेत्रवासियों से संवाद किया। इस दौरान नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया। महापौर ने स्थानीय रहवासियों को आश्वस्त किया कि वार्ड के सर्वांगीण विकास एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए नगर निगम निरंतर कार्य करता रहेगा। वार्डवासियों ने विकास कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम महापौर एवं क्षेत्रीय पार्षद का आभार व्यक्त किया।
