मिलावट और नियमों की धज्जियां उड़ने पर FSSAI का कड़ा एक्शन: ‘प्रियागोल्ड’ बिस्कुट में पशुओं का चारा, डोडला डेयरी के दूध में मिला डिटर्जेंट; 3 कंपनियों पर कानूनी कार्रवाई शुरू
नई दिल्ली। देश में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता पर निगरानी रखने वाली संस्था FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) ने खाद्य सुरक्षा से जुड़े गंभीर उल्लंघनों के लिए तीन बड़ी खाद्य कंपनियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इनमें लोकप्रिय ‘प्रियागोल्ड’ बिस्कुट बनाने वाली कंपनी ‘सूर्या फूड एंड एग्रो’, ‘डोडला डेयरी’ और ‘UEIR ऑर्गेनिक फूड्स’ शामिल हैं। FSSAI ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी साझा की।
प्रियागोल्ड बिस्कुट में मवेशियों के चारे (Cattle Feed Bran) का इस्तेमाल
उपभोक्ता की शिकायत के बाद FSSAI की टीम ने जब ‘सूर्या फूड एंड एग्रो’ के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का निरीक्षण किया, तो वहां चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
कंपनी ‘प्रियागोल्ड’ बिस्कुट बनाने के लिए उस चारे (bran) का इस्तेमाल कर रही थी जो केवल मवेशियों (पशुओं) के लिए निर्धारित है और इंसानों के खाने योग्य नहीं है। प्लांट में रखे बोरों पर स्पष्ट लिखा था कि यह सामग्री केवल पशुओं के चारे के लिए है।
निरीक्षण के दौरान प्लांट में पेस्ट कंट्रोल, कच्चे माल के भंडारण, कर्मचारियों की स्वच्छता और परिसर के रखरखाव में भी बेहद गंभीर कमियां पाई गईं। FSSAI ने नियमों के इस गंभीर उल्लंघन के बाद कंपनी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है और कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
डोडला डेयरी: फुल क्रीम दूध में मिला डिटर्जेंट और कॉस्टिक सोडा
‘डोडला डेयरी’ के फुल क्रीम दूध का सैंपल जांच में पूरी तरह असुरक्षित और घटिया (Substandard) पाया गया। शुरुआत में खाद्य विश्लेषक ने दूध में फैट की मात्रा तय मानकों से कम पाई।जब कंपनी की अपील पर सैंपल को ‘रेफरल फूड लेबोरेटरी’ भेजा गया, तो लैब जांच में पुष्टि हुई कि दूध में डिटर्जेंट/कॉस्टिक सोडा की मिलावट थी, जिससे यह इंसानों की सेहत के लिए अत्यंत असुरक्षित है FSS एक्ट 2006 के तहत सक्षम प्राधिकारी ने डोडला डेयरी और इसके निर्माण व मार्केटिंग से जुड़े अन्य FBOs (खाद्य व्यवसाय संचालकों) के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
मिलावट और नियमों की धज्जियां उड़ने पर FSSAI का कड़ा एक्शन: ‘प्रियागोल्ड’ बिस्कुट में पशुओं का चारा, डोडला डेयरी के दूध में मिला डिटर्जेंट; 3 कंपनियों पर कानूनी कार्रवाई शुरू
UEIR ऑर्गेनिक फूड्स: किशमिश में मिले कीटनाशक
तीसरी कार्रवाई ‘UEIR ऑर्गेनिक फूड्स’ के खिलाफ की गई है। ऑर्गेनिक दावे के साथ बेचे जाने वाले इनके उत्पादों के तहत जब ‘पीली किशमिश’ का सैंपल लिया गया, तो उसमें घातक कीटनाशकों के अवशेष (Pesticide Residues) पाए गए, जो तय खाद्य मानकों का सीधा उल्लंघन है।










