चेतनोदय तीर्थ कैलवारा कटनी में 22 नवंबर को लगेगा निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिवि
कटनी। चेतनोदय औषधालय, द्वारा जरूरतमंदों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, जानकीकुंड, चित्रकूट (सतना) एवं सकल दिगम्बर जैन समाज, कटनी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 22 नवंबर 2026 को निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर का आयोजन चेतनोदय तीर्थ कैलवार (जैन मंदिर), कटनी में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।
शिविर में मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी। जिन लोगों को नजदीक की वस्तुएं देखने एवं पढ़ने-लिखने में परेशानी होती है, उन्हें नेत्र परीक्षण के बाद निःशुल्क चश्मे वितरित किए जाएंगे। वहीं, मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों की पहचान कर चित्रकूट में निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयनित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि निःशुल्क ऑपरेशन के एक माह बाद फॉलोअप के दौरान मरीजों को निःशुल्क चश्मा भी उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर में आने वाले मरीजों को आधार कार्ड की फोटो कॉपी साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा मरीज के पास परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर होना आवश्यक है। नेत्र परीक्षण के दौरान मास्क पहनना एवं सामाजिक दूरी का पालन करना भी अनिवार्य रहेगा।
सकल दिगम्बर जैन समाज, कटनी ने शहर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाएं तथा जरूरतमंद लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।

