भिंड: शादी समारोह में ‘बंधक’ बने पूर्व राज्यमंत्री; बकायादारों ने 4 घंटे तक घेरा, पुलिस ने थाने ले जाकर बचाई जान
भिंड: शादी समारोह में ‘बंधक’ बने पूर्व राज्यमंत्री; बकायादारों ने 4 घंटे तक घेरा, पुलिस ने थाने ले जाकर बचाई जान, शहर के भारौली रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब एमपी सरकार में पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त और बीज निगम के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. राजकुमार कुशवाहा को बकायादारों ने घेर लिया। करीब चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम में लोगों ने उनसे अपने बकाया पैसे लौटाने की मांग की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
शादी समारोह में पहुंचे थे डॉ. कुशवाहा
जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल की रात करीब 9 बजे डॉ. कुशवाहा शादी समारोह में पहुंचे थे। उनके कार्यक्रम में आने की जानकारी पहले से ही कार्ड के माध्यम से क्षेत्र में फैल चुकी थी। इसी दौरान शहर और आसपास के गांवों से दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष वहां पहुंच गए और उन्होंने नेता को घेर लिया।
लोगों ने उन्हें चारों ओर से घेरा
बकायादारों का आरोप था कि वे लंबे समय से अपनी रकम वापस लेने के लिए संपर्क कर रहे थे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो पा रही थी। जैसे ही वे समारोह में पहुंचे, लोगों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और पैसा लौटाने की मांग पर अड़ गए। पहले तो डॉ. कुशवाहा ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ का आक्रोश बढ़ता गया।
चार घंटे तक चला घटनाक्रम
करीब रात 12 बजे के बाद जब वे कार्यक्रम से निकलने लगे तो लोगों ने उन्हें जाने नहीं दिया। खुद को घिरा देख उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम और देहात थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बकायादार पुलिस के सामने भी अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए डॉ. कुशवाहा को थाने ले जाना उचित समझा।
बकायादार भी उनके पीछे-पीछे थाने पहुंच गए। वहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई। वहीं इस पूरे मामले में डॉ. कुशवाहा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
लेन-देन के विवाद में कुछ लोगों ने डॉ. राजकुमार कुशवाहा को घेर लिया था। उन्हें सुरक्षित थाने लाया गया, जहां समझौते के बाद उन्होंने 10 मई तक बकाया राशि लौटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हो गया।- मुकेश शाक्य, टीआइ थाना देहात

