Site icon Yashbharat.com

FIFA Worldcup: सऊदी अरब को हराकर नाॅकआउट में जगह पक्की करने उतरेगा उरूग्वे

fifa 2

Saudi Arabia's goalkeepers Abdullah Al-Mayouf takes part in a training session at the Rostov Arena in Rostov-On-Don on June 19, 2018, on the eve of the Russia 2018 World Cup Group A football match between Saudi Arabia and Uruguay. / AFP PHOTO / JOE KLAMAR

रोस्तोव : विश्व कप में कई बार चर्चा के केंद्र में रहने वाले लुई सुआरेज आज यहां अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच में उरूग्वे को सऊदी अरब पर जीत दिलाकर उसकी फीफा विश्व कप 2018 के नाॅकआउट में जगह पक्की करने की कोशिश करेंगे।

अगर अंतिम क्षणों में कुछ भयावह नहीं घटता है तो सुआरेज आज उरूग्वे की तरफ से मैचों का शतक पूरा कर लेंगे। रोस्तोव एरेना में होने वाला ग्रुप ए का यह मैच दोनों टीमों के लिये बेहद महत्वपूर्ण है।

उरूग्वे ने अपने पहले मैच में मिस्र को 1-0 से हराया था जबकि सऊदी अरब मेजबान रूस से 0-5 से हार गया था। सुआरेज की उपलब्धि वाले इस मैच में उरूग्वे विजय अभियान जारी रखकर अंतिम 16 में जगह पक्की करने की कोशिश करेगा।

सऊदी अरब भी रूस के खिलाफ शर्मनाक प्रदर्शन को भुलाकर उलटफेर की संभावना के साथ मैदान पर उतरेगा और अगले दौर में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखने का प्रयास करेगा।

उसके सामने हालांकि सुआरेज जैसे दमदार खिलाडिय़ों की चुनौती होगी जो इस बार के विश्व कप को अपने लिये यादगार बनाना चाहते हैं। पिछले दो विश्व कप में सुआरेज की विदाई अच्छी नहीं रही थी।

दक्षिण अफ्रीका में 2010 में खेले गये विश्व कप में उन्होंने घाना के खिलाफ अपनी टीम को हार से बचाया और उसे सेमीफाइनल में पहुंचाया था। सुआरेज ने आखिरी क्षणों में घाना का गोल हाथ से रोक दिया जिसके कारण उन्हें लाल कार्ड दिखाया गया। यह मैच आखिर में पेनल्टी शूटआउट तक खिंच गया और उरूग्वे उसमें 4-2 से जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में पहुंच गया।

इसके बाद 2014 में उन्हें इटली के जियोॢजयो चीलिनी पर दांत गड़ाने के कारण चार महीने का प्रतिबंध झेलना पड़ा था। यह तीसरा अवसर था जबकि सुआरेज ने इस तरह की हरकत की थी।

इस सबके बावजूद सुआरेज उरूग्वे के सबसे सफल खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक 99 मैचों में 51 गोल किये हैं। इनमें से पांच गोल उन्होंने विश्व कप में किये हैं।

उरूग्वे अपने पहले मैच में अनुकूल प्रदर्शन नहीं कर पाया लेकिन उसके पास कमजोर सऊदी अरब के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करके सुआरेज की उपलब्धि का जश्न शानदार तरीके से मनाने का मौका होगा।

उरूग्वे मध्यपंक्ति में बदलाव कर सकता है तथा कार्लोस सांचेज और क्रिस्टियन रोड्रिग्स की जगह नाहितान नांदेज और जियोर्जियन डि अरासकाएटा को शुरुआती एकादश में रख सकता है। सऊदी अरब भी अपनी टीम में काफी बदलाव कर सकता है क्योंकि पिछले मैच में उसके खिलाडिय़ों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया था।

Exit mobile version