FB पर सवर्णों की बेटियों के लिए अभद्र टिप्पणी, मचा बवाल

मुरैना : एक तरफ देशभर में एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में धरना प्रदर्शन किए जा रहे हैं तो दूसरी तरफ जिला में जाति विशेष के लोग ब्राह्मण समाज की बेटियों पर सोशल मीडिया के जरिए अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं। जिसे लेकर ब्राह्मण संगठन और क्षत्रिय संगठन अब मैदान में उतर आया है। सवर्ण समाज ने आरोपी युवक पर कार्रवाई करने के लिए नगरा पुलिस को ज्ञापन सौंपा है।

ब्राह्मण समाज ने नगरा पुलिस को आवेदन देकर कहा कि क्षेत्र के पूर्व विधायक किशोरा सखवार के नाती और जिला पंचायत सदस्य गब्बर सखवार के पुत्र छोटू उर्फ शिवा सखवार ने फेसबुक पर राज नाम से एक आईडी बनाई है। जिस पर वह काफी वक्त से बालिकाओं के खिलाफ असामाजिक टिप्पणियां कर रहा है। आरोपी ने अपनी फेसबुक से लड़कियों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया है।

वहीं, पुलिस ने 24 घंटों में कोई कार्यवाही नहीं की, जिससे मुरैना जिला का ब्राह्मण समाज आक्रोशित है। ऐसे में उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक मुरैना से मांग की है कि आरोपी युवक को तत्काल गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाए अन्यथा मजबूर होकर स्वर्ण समाज सड़कों पर उतर कर आंदोलन और धरना प्रदर्शन करेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान के बाद मामला दर्ज करने की बात कह रही है।

Exit mobile version