Farmers Protest : ग्रेटा के ‘टूल किट से अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र उजागर, ऐसे समझें पूरा मामला

नई दिल्ली । स्वीडन की पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग (Greta Thunberg) के एक ट्वीट ने कृषि कानून विरोधी आंदोलन के बहाने देश को अस्थिर करने के अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र को उजागर कर दिया है।

उसने बुधवार को दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे आंदोलन को लेकर प्रदर्शन की एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया था और उसके कुछ घंटे बाद पहले ट्वीट से संबंधित ‘टूल किट” (toolkit) भी उसने अपने ट्विटर एकाउंट से साझा कर दिया था।

 

जिसमें आंदोलन के सहारे भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर कटघरे में खड़ा करने की कोशिश के तहत ट्विटर हैशटैग, टैगिंग एकाउंट की लिस्ट, लिखने के लिए शब्द, आंदोलन से संबंधित वीडियो व फोटो समेत अन्य सामग्री मौजूद थी।

इन विदेशी हस्‍तियों ने किया था ट्वीट

चौंकाने वाली बात यह थी कि इसमें पॉप सिंगर रिहाना का भी नाम था, जिसने ग्रेटा के ट्वीट के एक दिन पहले (2 फरवरी) को उसी तस्वीर और हैशटैग के साथ आंदोलन को लेकर ट्वीट कर वैश्विक बिरादरी का ध्यान आकर्षित कराने की कोशिश की थी।

ग्रेटा थनबर्ग व अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भतीजी अधिवक्ता मीना हैरिस समेत अंतरराष्ट्रीय स्तर की अन्य लोकप्रिय शख्सियतों की कृषि कानून विरोधी आंदोलन पर अचानक ट्वीट की बारिश ने केंद्र सरकार को असहज स्थिति में डाल दिया था, जिसपर विदेश मंत्रालय ने बुधवार दोपहर ट्वीट के माध्यम से इस दुष्प्रचार पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी।

भारत की तरफ से कई सितारे भी उतरे जवाब देने

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत कई केंद्रीय मंत्रियों व भाजपा नेताओं ने देश की संप्रभुता पर हमले को गंभीरता से लिया और ट्वीट के सहारे करारा जवाब दिया। सचिन तेंदुलकर, अक्षय कुमार, लता मंगेशकर, अजय देवगन व गौतम गंभीर समेत देश की अन्य चर्चित हस्तियां भी एकजुटता दिखाते हुए प्रतिउत्तर में हैशटैग ‘इंडिया टुगेदर” और ‘इंडिया अगेंस्ट प्रोपोगैंडा” के साथ मैदान में उतर आए। इस बीच, थनबर्ग का ट्वीट किया टूल किट भी खूब शेयर किया जाने लगा, जिससे स्पष्ट हो गया था कि उसके समेत अन्य विदेशी हस्तियां किसी और के इशारे पर भारत विरोधी ट्वीट कर रहे हैं।

ऐसे हो गया ग्रेटा थनबर्ग को गलती का अहसास

जल्द ही थनबर्ग को खुद से अपना ही राजफाश कर देने की गलती का एहसास हुआ और कुछ घंटे बाद उस टूल किट वाली ट्वीट को उसने हटा दिया। हालांकि, बृहस्पतिवार देर रात्रि चेहरा बचाने की कोशिश में लंबे चौड़े बयान आधारित संशोधित टूल किट के साथ थनबर्ग ने फिर ट्वीट किया। पर तब तक उसके साथ ही भारत विरोधी अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र से पर्दा हट चुका था।

Exit mobile version