Farmer Protest LIVE: तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन जारी है। इस बीच पूरे मामले पर राजनीति भी खूब हो रही है। गुरुवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी दिल्ली से रामपुर जा रही हैं। हालांकि बीच रास्से में प्रियंका के काफिले की कारें आपस में टकरा गईं।
दरअसल, सबसे आगे चल रही कार के ड्राइवर ने कांच पर कचरा आने के कारण अचानक ब्रेक लगा दिया। इसके पीछे आ रही कारें उससे टकरा गईं। गनीमत यह रही कि कोई घायल नहीं हुआ और काफिला तत्काल आगे बढ़ गया।
बता दें, प्रियंका बिलासपुर के डिबडिबा गांव निवासी किसान नवरीत सिंह के परिवार से मिलेंगी। 26 जनवरी को हुई ट्रैक्टर रैली के दौरान ट्रैक्टर पलटने से नवरीत सिंह का निधन हो गया था।
यह हादसा तब हुआ था जब नवरीत सिंह स्टंट दिखा रहे थे। गुरुवार को उनका भोग और अंतिम अरदास है। प्रियंका गांधी के साथ रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी समेत अन्य नेता हो सकते हैं। भाजपा ने इसे किसानों पर राजनीति करने की साजिश बताया है।
भाजपा का कहना है कि प्रियंका या किसी कांग्रेस नेता ने दिल्ली में घायल पुलिसवालों की खैर-खबर नहीं पूछी।

