#MP Vidhansabha ElectionsjabalpurLatestमध्यप्रदेश

Election 2019 Live Updates : मध्यप्रदेश में एक बजे तक 43.44% मतदान

जबलपुर। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मध्यप्रदेश में छह सीटों के साथ छिंदवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो गई। मध्यप्रदेश में दोपहर एक बजे तक 43.44 प्रतिशत मतदान हुआ। सीधी में 34.95 प्रतिशत, शहडोल में 45.86 प्रतिशत, जबलपुर में 44.39 प्रतिशत, मंडला में 44.01 प्रतिशत, बालाघाट में 46.32 प्रतिशत और छिंदवाड़ा में 45.89 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।

चौथे चरण के चुनाव के लिए 13 हजार 491 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कई केंद्रों पर मतदान शुरू होने से पहले ही मतदाताओं की लाइन लग गई थी। गर्मी से बचने के लिए लोग सुबह से ही मतदान करने पहुंच रहे हैं। बालाघाट जिले के लांजी, परसवाड़ा और बैहर में मतदान शाम चार बजे तक होगा। चुनाव में एक करोड़ पांच लाख से ज्यादा मतदाता मतदान करेंगे। 359 क्यूलेस मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां मतदाताओं को मतदान के लिए लाइन नहीं लगानी पड़ेगी।

मध्यप्रदेश में इनके बीच है मुकाबला

ये व्यवस्था भी…

  • जिन वाहनों में ईवीएम और वीवीपैट भेजी गई हैं, उन्हें जीपीएस के माध्यम से मॉनीटर किया जा रहा है।
  • नक्सल प्रभावित मंडला और बालाघाट में सेना के दो हेलिकॉप्टर तैनात किए गए हैं जो रैकी का काम कर रहे हैं।
  • जबलपुर में एयर एम्बुलेंस तैनात।

पहला वोट देने मुंबई से लौटी जबलपुर

फर्स्ट टाइम वोटर वंशिका तिवारी मतदान करने विशेष रूप से मुंबई से जबलपुर आईं। बारहवीं के बाद मुंबई में ग्रेजुएशन कर रही वंशिका इस मौके को छोड़ना नही चाहती थीं। उल्लेखनीय है कि इनके मम्मी-पापा दोनों की ही चुनाव में डयूटी लगी थी और 29 अप्रैल को सुबह उन्हें कोई स्टेशन पर भी नहीं लेने जा पाया। इसके बावजूद अकेले ही सफर कर उन्होंने जबलपुर आकर उत्साह से मतदान करने का संकल्प लिया। उनके 82 वर्षीय दादाजी जो वोट देने नहीं जा पा रहे थे, वंशिका ने उन्हें अपने साथ लेकर मतदान करने पहुंची। मतदान कर्मियों ने उनका स्वागत गुलाब का फूल देकर किया।

नरसिंहपुर : धूप के बाद भी लाइन में लगे रहे मतदाता

नरसिंहपुर के गोटेगांव से 15 किलोमीटर दूर स्थित मवई मतदान केंद्र में 916 मतदाता हैं, यहां लगभग 345 से ज्यादा मतदाताओं ने अपने वोट डाले। तेज धूप के बाद भी मतदाता लाइन में लगकर मतदान के लिए खड़े हुए हैं।

छिंदवाड़ा : परासिया के मतदान केंद्र में अव्यवस्थाएं

छिंदवाड़ा में परासिया रोड पर नोनिया कर्बल स्कूल में बने मतदान केंद्र में पीने के साफ पानी की व्यवस्था नहीं है। यहां केन में टैंकर का गंदा और गरम पानी भरा जा रहा है। केन भी साफ नहीं है। मतदाता पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। मतदान की ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों के लिए भी व्यवस्थाएं नहीं की गई हैं।

नरसिंहपुर : शिक्षक ने 10 साल बाद किया बूथ पर जाकर मतदान

नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव ब्लॉक के करकबेल में बाइक से मतदान कर लौटते शिक्षक दंपति काफी खुश नजर आए, जब दोनों के हाथों की अंगुलियों पर मतदान की स्याही एक साथ लगी। शिक्षक अखिलेश सोनी ने कहा चुनाव में ड्यूटी लगने से वह डाक मत पत्र से मतदान कर पाते थे। आज 10 साल बाद बूथ पर जाकर मतदान करने का अवसर मिला। अखिलेश की पत्नी अंजलि भी पति के साथ मतदान करने का मौका मिलने से काफी खुश रहीं। बूथ से दोनों बाहर निकले तो रास्ते में बाइक रोकी ओर स्याही लगी उंगली दिखाते हुए दूसरे लोगो को भी मतदान करने के लिए प्रेरित किया।

बालाघाट में पुलिस हाई अलर्ट पर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मॉक पोल के दौरान 57 बैलेट यूनिट, 56 कंट्रोल यूनिट और 147 वीवीपैट बदले गए। बालाघाट में निर्दलीय प्रत्याशी किशोर समरीते को नक्सलियों ने रोककर उनके वाहन में आग लगा दी थी। रेला के पास दुर्गा माता मंदिर के नजदीक हुई घटना के बाद हॉक फोर्स भेजी गई है। किशोर समरीते को पुलिस ने 2 साल से सुरक्षा मुहैया कराई हुई है, अब नए सिरे से सुरक्षा रणनीति की विवेचना की जा रही है। पूरे क्षेत्र में पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया गया है, छिंदवाड़ा में एक महिलाकर्मी की मृत्यु और सीधी में सुरक्षा में तैनात सब इंस्पेक्टर की मृत्यु की सूचना है।

जबलपुर में भाजपा उम्मीदवार राकेश सिंह ने परिवार के साथ डाला वोट

जबलपुर के सांसद और भाजपा प्रत्याशी राकेश सिंह अपनी पत्नी और पूरे परिवार के साथ साइंस कॉलेज में बने मतदान केंद्र पहुंचे और वोट दिया। राकेश सिंह की दोनों बेटियों गरिमा सिंह और शुभांगी सिंह ने पहली बार मतदान किया।

दोनों हाथ नहीं फिर भी वोट देने का जज्बा सबसे ज्यादा

जबलपुर की भवानी यादव(21) के दोनों हाथ नहीं है। इसके बाद भी जज्बे के साथ वोट देने पहुंची और लोगों को वोट देने का संदेश दिया। पैर से उन्होंने हस्ताक्षर किए और इसके बाद फिर अपनी मम्मी की सहायता से वोट दिया। भवानी जबलपुर के श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज से बीई की पढ़ाई कर रही हैं।

छिंदवाड़ा विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने सीताबाई शासकीय स्कूल में मतदान किया।

सीधी : पूजा के बाद मतदान करने पहुंचे अजय सिंह

सीधी लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अजय सिंह राहुल ने अपने गृहग्राम शिवराजपुर स्थित मंदिर में पूजन अर्चन किया और इसके बाद मतदान के लिए रवाना हुए।

चुनाव डय्टी में लगे अधिकारियों ने अपने परिवार के साथ वोट दिया और लोगों मतदान करने के लिए प्रेरित किया।

जबलपुर : कांग्रेस उम्मीदवार विवेक तन्खा ने डाला वोट

जबलपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विवेक तन्खा ने अपने पत्नी आरती तन्खा के साथ आर्य कन्या शाला में मतदान किया। वहीं मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री तरुण भनोत भी मतदान करने पहुंचे

Leave a Reply

Back to top button