Site icon Yashbharat.com

बाजार में भूचाल! सेंसेक्स 1400 अंक लुढ़का, निफ्टी 22,250 के नीचे-ट्रंप के बयान से मचा हड़कंप

sensex opening bell 925c65ded87bbcab4427438a03c15220

बाजार में भूचाल! सेंसेक्स 1400 अंक लुढ़का, निफ्टी 22,250 के नीचे-ट्रंप के बयान से मचा हड़कंप,गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स करीब 1400 अंकों तक टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी 22,250 के नीचे फिसल गया। बाजार में यह गिरावट वैश्विक तनाव, खासकर अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते टकराव और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद देखने को मिली।

सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 71,700 के आसपास और निफ्टी 22,200 के करीब ट्रेड करता दिखा। बैंकिंग और फार्मा सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली दर्ज की गई, जिससे बाजार पर दबाव और बढ़ गया। खास बात यह रही कि सेंसेक्स की लगभग सभी 30 कंपनियां लाल निशान में कारोबार कर रही थीं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, ट्रंप के इस बयान कि अमेरिका जल्द ही ईरान पर बड़ा हमला कर सकता है, ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। इसके चलते विदेशी निवेशकों (FII) ने बाजार से तेजी से पैसा निकाला। आंकड़ों के अनुसार, एक ही दिन में हजारों करोड़ रुपये की बिकवाली हुई, जबकि घरेलू निवेशकों (DII) ने कुछ हद तक बाजार को संभालने की कोशिश की।

वैश्विक बाजारों में भी इसका असर दिखा। एशियाई बाजारों में जापान, दक्षिण कोरिया और हांगकांग के इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई। इससे भारतीय बाजार की कमजोरी और बढ़ गई।

हालांकि, इस गिरावट के बीच रुपये ने मजबूती दिखाई। भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले करीब 151 पैसे मजबूत होकर 93.19 के स्तर पर पहुंच गया। यह तेजी मुख्य रूप से रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप के कारण आई।

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में बाजार की दिशा काफी हद तक वैश्विक हालात, खासकर मिडिल ईस्ट के तनाव और कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करेगी। ऐसे में निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

Exit mobile version