Earthquake In Palghar: महाराष्ट्र के पालघर में 3.6 तीव्रता के साथ भूकंप के झटके, घर से भागे लोग
Earthquake In Palghar: 1 जुलाई गुरूवार की सुबह 7 बजकर 7 मिनट पर महाराष्ट्र के पालघर में 3.6 तीव्रता के साथ भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इस दौरान किसी के हताहत होने या फिर किसी संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। लेकिन भूकम्प के झटकों के कारण आस-पास के क्षेत्र में लोगों में इसे लेकर डर फैल गया है। नेशनल सेंटर फाॅर सीस्मोलाॅजी से मिली जानकारी के अनुसार रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 मापी गई थी। जैसे ही लोगों ने भूकंप के कंपन को महसूस किया तो सभी अपने-अपने घर से बाहर की ओर भागने लगे।
जानकारी के लिए आपको बतादें कि इससे पहले भी पालघर में भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। बीते 24 जून को भी यहां पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। उस समय यह भूकंप सुबह 11 बजकर 57 मिनट पर आया था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी गई थी। आज गुरूवार को जो झटके महसूस हुए हैं उसकी तीव्रता पिछले झटकों के मुकाबले कम बताई जा रही है।
महाराष्ट्र के पालघर में भूंकप के झटके अब आम से हो गए हैं लेकिन लोगों में इसे लेकर डर भी होता है क्योंकि पिछले महीने इसके एक-दो झटके भी महसूस किए गए थे। वहीं आज एक बार फिर भूकंप के झटकों ने यहां की चिंता बढ़ा दी है। अच्छी बात यह है कि अभी तक इस क्षेत्र में जितने भी भूकंप आए हैं उनसे किसी भी प्रकार की कोई नुकसान की खबर नहीं मिली है। एएनआई ने अपने ट्वीटर अकाउंट के माध्यम से पालघर में भूकंप के झटकों की खबर दी है।

