यश भारत, दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना से ठीक पहले कांग्रेस खेमे में बड़ा सियासी विस्फोट हुआ है। पार्टी आलाकमान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित (सस्पेंड) कर दिया है। यह कार्रवाई उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ भितरघात और भीतर ही भीतर भाजपा की मदद करने के आरोपों के बाद की गई है।
‘भाजपा से फंड लेकर खिलाफत का आरोप’
सूत्रों और पार्टी सूत्रों के अनुसार, दतिया से कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने संगठन को लिखित शिकायत भेजी थी। घनश्याम सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राजेंद्र भारती ने चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं से साठगांठ की और उनसे फंड लेकर खुले तौर पर पार्टी प्रत्याशी के विरोध में काम किया।
काउंटडाउन के बीच सियासी खलबली
-
मतगणना से ठीक पहले एक्शन: वोट काउंटिंग शुरू होने से महज कुछ घंटे पहले हुई इस कार्रवाई से दतिया के राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
-
गुटबाजी आई सतह पर: चुनाव परिणाम आने से पहले निष्कासन की इस गाज ने दतिया कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान और गुटबाजी की पोल खोलकर रख दी है।
भारती का पलटवार: ‘आरोप बेबुनियाद’
निष्कासन की इस गाज के बीच पूर्व विधायक राजेंद्र भारती का पक्ष भी सामने आया है। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया और प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर ही भाजपा नेताओं के इशारे पर काम करने का दांव उल्टा चला।
फिलहाल, दतिया में ईवीएम खुलने से ठीक पहले हुए इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम ने उपचुनाव के नतीजों की उत्सुकता को और ज्यादा बढ़ा दिया है।
दतिया कांग्रेस में भूचाल: नतीजे आने से चंद घंटे पहले पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पार्टी से बाहर, भितरघात का बड़ा आरोप