भोपाल: सड़क हादसे में घायल DSP शिवकुमार श्रीवास्तव की मौत; मिनी ट्रक ने स्कूटी को मारी थी टक्कर, 100 फीट घिसटे थे अधिकारी
भोपाल: सड़क हादसे में घायल DSP शिवकुमार श्रीवास्तव की मौत; मिनी ट्रक ने स्कूटी को मारी थी टक्कर, 100 फीट घिसटे थे अधिकारी
भोपाल। राजधानी भोपाल में सुरक्षा वाहिनी में पदस्थ DSP शिवकुमार श्रीवास्तव (52) की सड़क हादसे में इलाज के दौरान रविवार तड़के मौत हो गई। शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर ट्रेनिंग के लिए जाते समय चार इमली तिराहे के पास एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि DSP स्कूटी समेत सड़क पर करीब 100 फीट तक घिसटते चले गए थे।
घटना के मुख्य बिंदु:
-
हेलमेट न पहनने से सिर में आई गंभीर चोट: हादसे में उनके दोनों कंधों, हाथ-पैर और सिर में गहरी चोटें आई थीं। दुर्घटना के वक्त उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर की चोट काफी गंभीर हो गई। उन्हें इलाज के लिए नर्मदा ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां 2 दिन बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
-
शुक्रवार सुबह हुआ था हादसा: हबीबगंज पुलिस के मुताबिक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे चार इमली तिराहे पर केतकी गर्ल्स हॉस्टल के सामने हुआ। DSP जैसे ही स्कूटी मोड़ रहे थे, तभी कोलार की ओर से आ रहे मिनी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
-
पुलिस की कार्रवाई और धाराएं बढ़ीं: पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मिनी ट्रक को जब्त कर लिया था। अब DSP की मौत के बाद केस में गैर-इरादतन हत्या की धाराएं बढ़ाई जा रही हैं।
-
पुलिस महकमे में शोक: तुलसी नगर स्थित संपदा परिसर में रहने वाले DSP शिवकुमार श्रीवास्तव श्यामला हिल्स स्थित सुरक्षा वाहिनी में PSO कोर्स के पर्यवेक्षक अधिकारी के पद पर तैनात थे। उनकी अचानक मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर व्याप्त है।








