Site icon Yashbharat.com

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का मजबूत आधार : ग्राम गुलवारा में जन-जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक एवं रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित

Picsart 26 10 23 16 28 46 404

{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":false,"containsFTESticker":false}

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का मजबूत आधार : ग्राम गुलवारा में जन-जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक एवं रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित

कटनी। नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत “नशामुक्त युवा – परंपरागत खेल” थीम पर शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी द्वारा गोद ग्राम गुलवारा, गनियारी में जन-जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, ग्राम सेवा, परंपरागत खेल दिवस, रस्साकशी प्रतियोगिता, नशामुक्ति शपथ एवं युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं ग्रामीण नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा भारतीय परंपरागत खेलों के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

 

यह आयोजन शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर से ग्राम गुलवारा तक जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को विधायक श्री संदीप प्रसाद जायसवाल, ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती सुजाता बाई, जनपद सदस्य श्री पन्नालाल हल्दकार, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात तथा जिला संगठक, राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में महाविद्यालय की छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से संबंधित संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया तथा समाज को नशे से दूर रखने का आह्वान किया।

 

ग्राम गुलवारा स्थित विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा नशे के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन, सामाजिक प्रतिष्ठा और आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम में विधायक श्री संदीप प्रसाद जायसवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करें। वक्ताओं ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों का सामूहिक प्रयास आवश्यक है।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम सेवा एवं परंपरागत खेल दिवस के अवसर पर रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को शारीरिक सक्रियता, आपसी सहयोग, अनुशासन, टीम भावना तथा खेलों के प्रति रुचि विकसित करने का संदेश दिया गया। आयोजन में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि परंपरागत खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता को भी मजबूत बनाते हैं।

 

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली। इसके साथ ही युवा संवाद के माध्यम से युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने तथा सामाजिक विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

 

इस अवसर पर डॉ. विमला मिंज, डॉ. अमिताभ पाण्डेय, उपसरपंच श्री तुलसीदास चौबे, डॉ. संजय भारद्वाज, डॉ. शिल्पी कुमारी सिंह, डॉ. प्रतिमा सिंह, श्रीमती रिचा दुबे, श्रीमती रश्मि सिंह, श्री भीम बर्मन, श्री प्रेमलाल कॉवरे एवं डॉ. आंजनेय तिवारी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम ने नशामुक्ति, ग्राम सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं परंपरागत खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए स्वस्थ, सशक्त, जिम्मेदार और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

Exit mobile version