katniमध्यप्रदेश

स्लीमनाबाद में नशा मुक्ति जागरूकता मैराथन आयोजित, युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

स्लीमनाबाद में नशा मुक्ति जागरूकता मैराथन आयोजित, युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्

 

कटनी। प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत थाना स्लीमनाबाद पुलिस द्वारा बुधवार को नगर में नशा मुक्ति जागरूकता मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में किया गया। मैराथन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन में विलियम हैनरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, आदर्श इंग्लिश मीडियम स्कूल तथा सी.एम. राइज स्कूल, स्लीमनाबाद के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। दौड़ के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करने का संकल्प भी दिलाया।

कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

Back to top button